क्या सुन्दर समय (विवाह अवसर पर)
क्या सुन्दर समय सुहाया है,
गुण गाओ परमेश्वर का।।
टेक।
दो गृहस्थ घनिष्ठ मिले हैं।
फूलों की भाँति खिले हैं।।
सब मन का मैल मिटाया है।।1।। गुण…
समधी सम बुद्धि वाले।
रंग के हैं गोरे काले।।
पर दिल में दीप जलाया है।।2।। गुण…
ज्यों जल में जल मिल जाता।
फिर अलग नहीं हो पाता।।
ऐसे सम्बन्ध मिलाया है।।3।। गुण…
वर वधू वीर ब्रह्मचारी।
दोनों की शोभा प्यारी।।
वैदिक विधि ब्याह रचाया है।।4।। गुण….
यह चलें वेद के रस्ते।
सबको नित करें नमस्ते।।
जो ऋषियों ने बतलाया है।।5।। गुण…..
हे भगवन् विनय हमारी।
शुभ हो यह रिश्तेदारी।।
‘नरदेव’ गीत कथ गाया है।।6।। गुण…
























