संग्राम जिन्दगी है लड़ना उसे पड़ेगा।
संग्राम जिन्दगी है लड़ना उसे पड़ेगा।
जो लड़ नहीं सकेगा आगे नहीं बढ़ेगा॥
इतिहास कुछ नहीं है संघर्ष की कहानी।
राणा शिवा भगतसिंह झांसी वाली रानी॥
चमकेगा वीरता का इतिहास जो पड़ेगा॥1॥
संग्राम जिन्दगी है….
इतिहास ऐसी प्रेरणा युग-युग से भरते हैं।
अब तक भी राम राज्य को सब याद करते हैं।
मर्यादा के शिखर पर तो राम ही चढेगा ॥2॥
संग्राम जिन्दगी है….
भोगों से वासना से रोगों के राक्षसों से।
आओ लड़े स्वयं के कलुषों से कल्मषों से॥
कुन्दन वही बनेगा जो आग पर तपेगा॥3॥
संग्राम जिन्दगी है….
घेरा समाज को है कुण्ठा कुरीतियों ने।
व्यसनों ने रूढ़ियों ने निर्मम अनीतियों ने॥
इनकी चुनौतियों से कोई आर्य भिड़ेगा॥4॥
संग्राम जिन्दगी है….
चिंतन चरित्र में अब विकृति बढ़ी हुई है।
चहुं ओर कौरवों की सेना खड़ी हुई है॥
क्या पार्थ इन क्षणों में व्या मोह में पड़ेगा॥5॥
संग्राम जिन्दगी है….










