जग में जन्म लिया है बन्दे

0
31

जग में जन्म लिया है बन्दे

जग में जन्म लिया है बन्दे,
जग के संग मिलता जा।
श्रेय, प्रेय दो मार्ग हैं,
तू चाहे जिस पर चलता जा।।

श्रेय मार्ग पर चलने से तो
प्रथम संकट आवेंगे,
ऊबड़-खाबड़ जंगल और
घनघोर अंधेरे पावेंगे।
पार अंधेरा कर लेगा तो फिर
सूरज सा खिलता जा।
जग में जन्म लिया है बन्दे जग के…….

सीधे और सुगम रास्ते,
वहाँ अच्छी तरह दिखाई दें,
देव पुरुष और ऋषि-मुनियों की,
वाणी सदा सुनाई दे।
जिसको सुनकर करे आचरण,
सदा फूलता-फलता जा।
जग में जन्म लिया है बन्दे जग के ……

प्रेय मार्ग पहले दिखने में,
आकर्षक और सुन्दर है,
रंग-बिरंगी लगी रोशनी,
इत्तर सुगंधी अन्दर है।
मोहित होकर दौड़ पड़े,
पर आगे सूरज ढलता जा।
जग में जन्म लिया है बन्दे जग के……

महा विषैला जंगल होगा,
घोर अन्धेरा पावेगा,
कंटक भरी हुई राहों का,
अन्त नहीं फिर आवेगा।
पश्चाताप की अग्नि में,
फिर धीरे-धीरे जलता जा।
जग में जन्म लिया है बन्दे जग के……

श्रेय मार्ग है सेवा का,
दुखियों के कष्ट मिटाने का,
प्रेय मार्ग है स्वार्थ का,
बस अपने आप बनाने का।
कहे ‘लालमन’ सुनो भाइयों,
बोवे सो फल मिलता जा।
जग में जन्म लिया है बन्दे जग के……