डरे हुए को अभय दान दो,भूखों को अनाज का दान।

0
79

डरे हुए को अभय दान दो, भूखों को अनाज का दान।

डरे हुए को अभय दान दो,
भूखों को अनाज का दान।
प्यासे को जल दान करो,
अपमानित को आदर सम्मान ।।1।।

विद्यादान करो अनपढ़ को,
विपद् ग्रस्त को आश्रय दान।
वस्त्र हीन को वस्त्र दान दो,
रोगी को दो औषधि दान।।2।।

धर्म रहित को धर्म सिखाओ,
शोकातुर को धीरज दान।
भूले को सन्मार्ग बता दो,
गृह विहीन को दो गृह दान।।3।।

कर्म करो निष्काम भाव से,
मन में कभी न हो अभिमान।
अपने सम सब ही को मानो,
फिर किस पर किसका अहसान।।4।।

इन पावन फूलों से प्रभु का,
करता है जो अर्चन ध्यान।
निश्चय जानो हृदय पटल में,
प्रकट होते हैं भगवान् ।।5।।