अति धन्यवाद परमेश्वर का, यह सुन्दर अवसर आया
अति धन्यवाद परमेश्वर का,
यह सुन्दर अवसर आया,
है’ जन्म-दिवस ‘इस बालक का
जो उत्सव आज मनाया। ।। ।।
ईश्वर-विश्वासी सत्यवादी,
वेदों का यह अनुयायी,
दिन-रात फले-फूले,
निरोग हो, सुन्दर इसकी काया।
विद्वानों का सम्मान करे,
गुरु मात-पिता का सेवक,
दुःखियों के दुःख को दूर करे,
जो वेदों ने बतलाया।
अति धन्यवाद परमेश्वर का, यह सुन्दर…… (2)
सद्ग्रन्थ पढ़ सदाचरण करे,
जीवन में ज्योती जगी,
यह कीर्ति अमर होवे इसकी,
आवे न मान मद माया।
शुभ गुण सम्पन्न बने बालक,
है आशीर्वाद यह सबका,
सबको सुखदायक सदा रहे
जो गीत ‘देव’ ने गाया।
अति धन्यवाद परमेश्वर का, यह सुन्दर…… (3)
वे माता और पिता अपने सन्तानों के पूर्ण वैरी हैं जिन्होंने उन्हें विद्या की प्राप्ति न कराई, वे विद्वानों की सभा में वैसे ही तिरस्कृत और कुशोभित होते हैं जैसे हंसों के बीच में बगुला। अतः सन्तानों को तन, मन, धन से विद्या, धर्म, सभ्यता और उत्तम शिक्षा देनी चाहिए।










