वैदिक युवा चरित्र निर्माण शिविर में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

0
2

बलिया, उत्तर प्रदेश। आर्य वीर दल पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं आर्य वीरांगना दल, बलिया के संयुक्त तत्वावधान में रामविचार-रामरति सरस्वती विद्या मंदिर, बलिया में आयोजित वैदिक युवा चरित्र निर्माण शिविर के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस श्रद्धा, अनुशासन एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर शिविरार्थियों ने योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं संस्कारित जीवन का संदेश ग्रहण किया।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके उपरांत व्यायाम शिक्षिका रोहिणी आर्य एवं राधा आर्य तथा आर्य वीर दल के जिला संचालक राजेश आर्य ने शिविरार्थियों को विविध योगासन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम एवं शारीरिक व्यायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग को स्वस्थ शरीर, एकाग्र मन एवं अनुशासित जीवन का आधार बताते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।

योग व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का माध्यम

इस अवसर पर आचार्या आर्याशा जी ने योग एवं ध्यान के आध्यात्मिक, मानसिक और शारीरिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय वैदिक संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह केवल शरीर को स्वस्थ रखने की विधा नहीं, बल्कि व्यक्ति के सर्वांगीण विकास, आत्मबल वृद्धि और आत्मानुशासन का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने सभी शिविरार्थियों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

योग राष्ट्र निर्माण का भी सशक्त साधन

कार्यक्रम में राकेश विद्यालंकार, आचार्य ज्ञान प्रकाश वैदिक, आचार्य अरुण आर्यवीर सहित अन्य विद्वानों ने भी अपने प्रेरक विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि योग मानव जीवन को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक उन्नति से जोड़ने वाली एक वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जीवन-पद्धति है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में सक्षम, स्वस्थ और चरित्रवान युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है तथा योग इस दिशा में अत्यंत प्रभावी साधन है।

योग को जीवन का हिस्सा बनाने का लिया संकल्प

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन में शिविर के समस्त अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षक एवं शिविरार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। सभी ने पूर्ण उत्साह एवं अनुशासन के साथ योगाभ्यास करते हुए नियमित रूप से योग करने तथा स्वस्थ, संस्कारित एवं राष्ट्रनिष्ठ जीवन जीने का संकल्प लिया। संपूर्ण वातावरण वैदिक संस्कृति, राष्ट्रभावना और सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।

🎶🎵मधुर भजन सुनने के लिए यहाँ क्लिक करे 👇🎵🎶