उषा प्रस्फुटित हुई है देखो प्राची में

0
11

उषा प्रस्फुटित हुई है देखो प्राची में

उषा प्रस्फुटित हुई है देखो प्राची में
सर्व दूर हुए तम रात्रि के
उषा प्रस्फुटित हुई है देखो प्राची में

झिलमिलाती उषा ने फैलाया प्रकाश
अनुप्राणित हुए धरती-आकाश
लोगों के मन का भय भागा
जागा हर्षोल्लास
उषा प्रस्फुटित हुई है देखो प्राची में

सौमनस्य का उषा दे रही सन्देश
प्रेम-भावों का जागा हृदयों में उन्मेष
हटा के मन से द्वेष-कालिमा
हुआ सौहार्द प्रवेश
उषा प्रस्फुटित हुई है देखो प्राची में

यह आध्यात्मिक ऊषा भी अवतीर्ण हुई
तामसिकता ह्रदय की विदीर्ण हुई
आत्मा मन प्राणेन्द्रियाँ सब
ज्योतिर्मयी हो गईं
उषा प्रस्फुटित हुई है देखो प्राची में

निर्मल सात्विक विचारधारा बहने लगी
सौमनस्य की प्रेरित लहरें उठने लगीं
आनन्ददायिनी सुखद सुहानी
कैसी अद्भुत घड़ी
उषा प्रस्फुटित हुई है देखो प्राची में
सर्व दूर हुए तम रात्रि के
उषा प्रस्फुटित हुई है देखो प्राची में