विजयी विश्व तिरंगा प्यारा
विजयी विश्व तिरंगा प्यारा,
झण्डा ऊंचा रहे हमारा।।
सदा शक्ति बरसाने वाला,
प्रेम सुधा सरसाने वाला।
वीरों को हर्षाने वाला,
मातृभूमि का तन-मन सारा।।
झण्डा ऊंचा रहे हमारा। १।
स्वतन्त्रता के भीषण रण में,
लखकर जोश बढ़े क्षण-क्षण में।
कांपे शत्रु देखकर मन में,
मिट जाये भय संकट सारा ।।
झण्डा ऊंचा रहे हमारा। २।
इस झण्डे के नीचे निर्भय,
ले स्वराज्य यह अविचल निश्चय ।
बोलो भारत माता की जय,
स्वतन्त्रता है ध्येय हमारा।।
झण्डा ऊंचा रहे हमारा। ३।
इसकी शान न जाने पावे,
चाहे जान भले ही जावे।
विश्व विजय करके दिखलावे,
तब होवे प्रण पूर्ण हमारा।।
झण्डा ऊंचा रहे हमारा। ४।
आओ प्यारे वीरों आओ,
देश धर्म पर बलि-बलि जाओ।
एक साथ सब मिलकर गाओ,
प्यारा भारत देश हमारा।।
झण्डा ऊंचा रहे हमारा। ५।










