सारी दुनिया बदल रही
सारी दुनिया बदल रही,
तुम भी बदलो कुछ ध्यान करो।
देशवासियो अपने देश का
मिलकर नव निर्माण करो ।।
हवा के साथ उड़ारी ले रहे
आज सभी दुनिया वाले
मगर आप किस्मत को
रो रहे क्यों नीची गर्दन डाले
भाग्य को रोने वाले
उठ पुरुषार्थ का गाना गा ले
नई रोशनी नया जमाना
नया रास्ता अपनाले
भाइयो, बहनो, बच्चो, बूढ़ो,
साहस कुछ नौजवान करो।।1।।
एक पिता के पुत्र हैं
सब यह परिवार एक ही है
छोटे-बड़े, ऊंचे-नीचे पै
पिता का प्यार एक ही है
एक देश एक भेष है
सबका घर और द्वार एक ही है
हम सबकी जीत एक ही है
हम सबकी हार एक ही है
आपस में लड़-लड़कर क्यों,
अपने घर का नुकसान करो।।2।।
अपनी कष्ट कमाई को,
बेकार ना यूं ही लुटाओ तुम
परोपकार में तन मन धन दो,
देश को स्वर्ग बनाओ तुम
गलियों में खड़ंजे कूएं जोहड
सब रास्ते ठीक कराओ तुम
गांव से दूर खाद के
गड्डो में कूडा डलवाओ तुम
सबसे बड़ा दान है यह,
सब मिलकर के श्रमदान करो।।3।।
अच्छे ढंग से खेती करके
पैदावार बढ़ाओ तुम
लड़कों-लड़कियों में
उत्तम शिक्षा प्रसार बढ़ाओ तुम
सबकी उन्नति में ही उन्नति
समझो प्यार बढ़ाओ तुम
देख दुखी का दुख दुखी हो,
शिष्टाचार बढ़ाओ तुम
शोभाराम शिरोमणि देश का
दुनिया में स्थान करो ।।4।।










