प्रार्थना अपने अभीष्ट की
प्रार्थना अपने अभीष्ट की
प्रभु तुमसे करते रहें
हिन्सा रहित कल्याण के पथ पर
सदा ही चलते रहें
स्वार्थ रहित निष्काम कर्म की
प्रार्थना तुमसे हम करते
अन्त:करण की प्रणत प्रार्थना
तुम्हरे हृदय तक पहुँच सके
ऐसी कृपा करो सत्य प्रार्थना
भी क्रियान्वित होती रहे
हिन्सा रहित कल्याण के पथ पर
सदा ही चलते रहें
जैसे गोस्वामी धेनु से
अमृत दुग्ध को प्राप्त करें
प्रमित प्रार्थनाएँ धेनु सम
हमें अभीष्ट को दिया करें
करें ना हम कोई अनिष्ट
अनैतिक स्वार्थ लिए
हिन्सा रहित कल्याण के पथ पर
सदा ही चलते रहें
प्रार्थना प्रशस्त करते करते
कर्म प्रशस्त भी किया करें
सात्विक भोग मिले जो तुमसे
याज्ञिक दान भी किया करें
वज्रवाले इन्द्र हरि !
हमें हिन्सा रहित करें
हिन्सा रहित कल्याण के पथ पर
सदा ही चलते रहें
प्रार्थना अपने अभीष्ट की
प्रभु तुमसे करते रहें
हिन्सा रहित कल्याण के पथ पर
सदा ही चलते रहें










