मत भेद करो इन्सानों का मतभेद नहीं है ये अच्छा
इन्सां को जो इन्सां समझे मानव केवल वो ही सच्चा
इन्सानियत में नियत इन्सां की पाक नहीं है जब तलक
देश की एकात्मकता भी संभव नहीं है तब तलक,
मानव हित में देश का हित है जाने ये बच्चा बच्चा ॥ इन्साँ को…
धर्म नहीं है इन्सानों का जो आपस में द्वेष करें
छोटी-छोटी व्यर्थ हैं बाते क्या उसमें हम क्लेष करें
देश के भूमि पुत्र बनो तुम रखो देश हँसता हँसता ॥ इन्साँ को…
मन्दिर मस्जिद और बुतों पे भूले से भी करो ना झगड़ा
ना समझो इसमें होता है भारी कभी किसी का पलड़ा
चलते चलते देश के रथ का रुक जाता चलता चक्का ॥ इन्साँ को…
ईद दिवाली क्रिसमस के रंग देखो लगते कितने प्यारे
इक दुजे की खुशी में झूमे भारत देश के वासी सारे
ऋषिमुनि सूफीओं ने खोजा यहाँ सत्यज्ञान का रस्ता ॥ इन्सों को…
हिन्दु मुस्लिम सिक्ख ईसाई आपस में हैं सब हैं भाई
आत्मा में जब भेद नहीं इन्सां के बीच है क्यूँ कर खाई
फर्क पड़े ना जाओ चाहे मथुरा, गोवा या मक्का ॥ इन्साँ को…
एक है कुटुम्ब कवीला देश का रिश्ता केवल मन से मन का
हृदय विशाल हो इक इक जन का एक हो नारा सदा अमन का
सम दृष्टि हो रहे मित्रता, मैत्री भाव में अटूट श्रद्धा ॥ इन्सों को…
हिन्दुस्तान की सब हैं धरोहर सबकी अपनी कीमत जौहर
जैसे एक ही वाग में खिलते भाँति भाँति के पुष्प मनोहर
दिखला दो तुम सारे जहाँ को सत्य पे आधारित सत्ता ॥ इन्साँ को…










