चेतावनी
जिस दिन घमण्ड अपने,
सर से उतार देगा।
उस दिन तुझे विधाता,
अनमोल प्यार देगा।।
उसके समान जग में,
दाता ना और कोई।
देने पर जब वो आए,
तो बेशुमार देगा।।
जिस दिन घमण्ड अपने……
मन वचन कर्म उसकी,
आज्ञानुसार कर ले।
वह तो पिता है तुझ पर,
सर्वस्व वार देगा।।
जिस दिन घमण्ड अपने…….
भगवान छोड़ साथी,
इन्सान को बनाया।
सुख में ये साथ देगा,
दुख में बिसार देगा।।
जिस दिन घमण्ड अपने……
खुद ही ना चैन जिसने,
पाया हो जिन्दगी में।
वो क्या किसी के दिल को,
सब्रोकरार देगा।।
जिस दिन घमण्ड अपने…….
भेजा था उस ने जग में,
करने को कुछ कमाई।
किस को पता था जीवन,
यों ही गुजार देगा।।
जिस दिन घमण्ड अपने……
अन्तिम समय कहेगा,
नेकी कमा लूँ लेकिन।
इक पल ‘पथिक’ ना कोई,
जीवन उधार देगा।।
जिस दिन घमण्ड अपने…….










