होंगे कर्म खोटे तो, भजन गाने से क्या होगा ?

0
108

होंगे कर्म खोटे तो, भजन गाने से क्या होगा ?

होंगे कर्म खोटे तो,
भजन गाने से क्या होगा ?
किया परहेज ना कुछ भी,
दवा खाने से क्या होगा।।
समय की ठोकर ही
बदल देती है जीवन को।
जो ठोकर से भी न समझे,
तो समझाने से क्या होगा।।
होंगे कर्म खोटे, तो भजन गाने…….

समय बीता हुआ हरगिज,
कभी ना हाथ आयेगा।
लिया चुग खेत चिड़ियों ने,
तो पछताने से क्या होगा।।
होंगे कर्म खोटे, तो भजन गाने……

मुसीबत तो टले,
मर्दानगी के ही थपेड़ों से।
मुकद्दर के भरोसे,
बैठ जाने से क्या होगा।।
तू मुट्ठी बाँधकर आया था,
खाली हाथ जाएगा।
भला मालिक करोड़ों का भी,
कहलाने से क्या होगा।
होंगे कर्म खोटे, तो भजन गाने…….

इंतजार करने वालों को केवल उतना ही मिलता है, जितना कोशिश करने वाले छोड़ देते हैं।