देखो दीवाने लोग भी, कैसा कमाल करते हैं।

0
60

देखो दीवाने लोग भी, कैसा कमाल करते हैं।

देखो दीवाने लोग भी,
कैसा कमाल करते हैं।
पत्थर को ईश्वर की जगह पर,
इस्तेमाल करते हैं।।1।।
देखो दीवाने लोग भी, कैसा…….

खुद ही बना लें मूर्ति,
खुद बैठ के पूजा करें,
पूछो तो कह दें आप,
यह कैसा सवाल करते हैं।।2।।
देखो दीवाने लोग भी, कैसा…….

मन्दिर का फाटक बन्द कर,
ताला लगा दें रात को,
समझें इसे परमात्मा,
पर देखभाल करते हैं।।3।।
देखो दीवाने लोग भी, कैसा…….

इतने बड़े संसार का,
रखता है खुद ख्याल जो,
कितने गजब की बात है,
उसका ख्याल करते हैं।।4।।
देखो दीवाने लोग भी, कैसा……

पत्थर के हैं ये देवता,
फिर इनसे कैसा मांगना,
क्या जड़ पदार्थ भी कभी,
देकर निहाल करते हैं। ।5।।
देखो दीवाने लोग भी, कैसा….

चाहे मिलें सौ नमते,
चाहे इन्हें कुछ न मिले,
न तो करें यह शुक्रिया,
न ही मलाल करते हैं।।6।।
देखो दीवाने लोग भी, कैसा……

है’ पथिक’ सच्ची बात,
पूजा ठाकुरों की लोग ये,
बुद्धि को अपने आपसे,
बाहर निकाल करते हैं।।7।।
देखो दीवाने लोग भी, कैसा…….