बुराइयों को कभी जीवन में अपनाना नहीं चाहिए

0
22

बुराइयों को कभी जीवन में अपनाना नहीं चाहिए

बुराइयों को कभी जीवन में
अपनाना नहीं चाहिए
यह मीठा जहर होता है
इसे खाना नहीं चाहिए

कोई कितना ही क्यों न हो
बड़े घर बार धन वाला
जहाँ स्वागत नहीं होता
वहाँ जाना नहीं चाहिए
बुराइयों को कभी जीवन में
अपनाना नहीं चाहिए

लगे पेड़ों पे फल ज्यों ही
झुकें सब डालियाँ उनकी
यहाँ ऐश्वर्य को पाकर के
इतराना नहीं चाहिए
बुराइयों को कभी जीवन में
अपनाना नहीं चाहिए

अगर कुछ दे नहीं सकते
तो कह दो माफ कर बाबा
मगर दुत्कार कर याचक
को लौटाना नहीं चाहिए
बुराइयों को कभी जीवन में
अपनाना नहीं चाहिए

निरादर से मिले दौलत
जमाने की तो मत छूना
मिले जो प्रेम से तिल भी
तो ठुकराना नहीं चाहिए
बुराइयों को कभी जीवन में
अपनाना नहीं चाहिए

पड़ा भट्ठी में जब सोना
“पथिक” वह बन गया कुन्दन
प्रभु जब कष्ट देता है
तो घबराना नहीं चाहिए
बुराइयों को कभी जीवन में
अपनाना नहीं चाहिए
यह मीठा जहर होता है
इसे खाना नहीं चाहिए
बुराइयों को कभी जीवन में
अपनाना नहीं चाहिए