शिक्षा
ऐसी कमाई कर लो,
जो संग जा सके।
मुश्किल पड़े तो राह में,
कुछ काम आ सके ।।
ऐसी कमाई कर लो…….
संसार में आता कोई,
साथी नजर नहीं,
बस नाम के साथी हैं ये,
साथी मगर नहीं।
साथी बनाओ उसको जो,
साथी कहा सके।।
ऐसी कमाई कर लो…………….
पापों में सदा मन को,
लगाते चले गए,
बदियों का ही सामान,
बढ़ाते चले गए।
लेकिन कभी ना धर्म को,
अपना बना सके।।
ऐसी कमाई कर लो…….
दुनियाँ की चकाचौंध में,
जीवन बिता दिया,
अनमोल रतन पा के भी,
यूँ ही गँवा दिया।
मानव वही है इसका जो,
फायदा उठा सके।।
ऐसी कमाई कर लो….
चिन्ता की नहीं बात जो,
चिन्तन से काम लो,
शुभ कर्म करो अब से ही,
ईश्वर का नाम लो।
सम्भव है ‘पथिक’ आपके,
बन्धन छुड़ा सके।।
ऐसी कमाई कर लो…….










