शिक्षा
जिन्दगी का सफर करने वालें।
अपने मन का दिया तो जला ले।।
वक्त की धार यह कह रही है।
कष्ट क्यों आत्मा सह रही है।।
देख ऐसी जगह तू खड़ा है।
ज्ञान गंगा जहां बह रही है।।
बढ़ के गंगा में डुबकी लगा ले।
अपने मन का दिया तो…….
रात लम्बी है गहरा अन्धेरा।
कौन जाने कहाँ हो बसेरा।।
तू है अनजान मंजिल का राही।
चलते रहना ही है काम तेरा।।
रोशनी से डगर जगमगा ले।
अपने मन का दिया तो……..
सूनी-सूनी ये मंजिल की राहें।
चूमना तेरे कदमों को चाहें।।
गहन वन में कहीं खो न जाना।
भटक जाएं न तेरी निगाहें।।
हर कदम सोच कर तू उठा ले।
अपने मन का दिया तो………
बस तुझको अकेले ही चलना।
बहुत मुमकिन है गिरना फिसलना।
गिर के गिरना नहीं बात कुछ भी।
है बड़ी बात गिर के सम्भलना।।
यह ‘पथिक’ बात दिल में बसा ले।
अपने मन का दिया तो……….










