अनमोल जीवन
तेरा जीवन है अनमोल रे तेरा जीवन है अनमोल।
इसे विषयों में न रोल रे तेरा जीवन है अनमोल।
१. कभी अंधेरा कभी उजाला प्रभु की है यह माया।
सदा कडे दिन नहीं रहेंगे पगले क्यों घबराया।
दुःख में कभी मत डोल रे । तेरा जीवन है अनमोल…..
२. तेग तीर का घाव हुआ कुछ दिन के बाद भर जाए।
कड़वे वचन का ज़ख़म अनोखा जीवन भर तड़पाए।
कड़वे वचन मत बोल रे। तेरा जीवन है अनमोल…….
३. लुटती जाए जीवन पूँजी पड़ा है नर तू सोया।
वक्त लगेगा हाथ न फिर यह तूने अगर अब खोया।
उठ अखियाँ अब खोल रे तेरा जीवन है अनमोल…..
४. इधर उधर ईश्वर को ढूँढते कितने साल कटे रे।
बाहर जाकर खोज रहा क्यों वह तो पास है तेरे ।
मन में ही ‘पथिक’ टटोल रे। तेरा जीवन है अनमोल…..










