बेसहारों का सहारा कौन है संसार में।

0
13

बेसहारों का सहारा

(तर्ज- हम को भी दे दे सहारा दो जहाँ के बादशाह)

बेसहारों का सहारा कौन है संसार में।
बिन तेरे रक्षक हमारा कौन है संसार में।
बेसहारों का सहारा कौन है…..

१. हर घड़ी भरपूर देखे हैं ख़ज़ाने आप के।
झोलियाँ भरते रहे हैं सब दीवाने आप के।
दूसरा ऐसा भण्डारा कौन है संसार में।
बेसहारों का सहारा कौन है…..

२. नाव हो मंझधार में सर पर अन्धेरी रात हो।
घन घिरे बिजली गिरे आन्धी चले बरसात हो।
जो मिला देवे किनारा कौन है संसार में।
बेसहारों का सहारा कौन है…..

३. आदमी को है जहाँ में सब से प्यारी ज़िन्दगी।
ज़िन्दगी से भी अधिक है बस तुम्हारी बन्दगी।
तुझ प्रभु प्यारे से प्यारा कौन है संसार में।
बेसहारों का सहारा कौन है…..

४. छोड़ कर जग के सहारे जब तुझे अपना लिया।
हर जगह हर आदमी ने हर समय हर पा लिया।
फिर ‘पथिक’ दुनियाँ से हारा कौन है संसार में।
बेसहारों का सहारा कौन है…..