क्रान्ति – शान्ति की खान हैं गुरुकुल।

0
10

क्रान्ति – शान्ति की खान हैं गुरुकुल।

क्रान्ति – शान्ति की खान हैं गुरुकुल।
संस्कृति के जय – गान हैं गुरुकुल।
तक्षशिला – नालन्दा जैसे
धरती के वरदान हैं गुरुकुल।

चरवाहे को मुकुट दिलाते
उन्नति के सोपान हैं गुरुकुल।
गर्व हरण कर सिकन्दरों का
विष्णु गुप्त के ज्ञान हैं गुरुकुल
सिर्फ आंख चिडि़या की देखें
अद्भुत तीर कमान हैं गुरुकुल

भारत भाग्य विधाता हैं ये
ज्ञान और विज्ञान हैं गुरुकुल।
सर्वांगीण विकास विजय पथ
बल विक्रम बलिदान हैं गुरुकुल।
महामात्य चाणक्य सरीखे
सजग नयन औ’कान हैं गुरुकुल।

तमस तमीचर यहाँ न टिकते
अतुलनीय बलवान हैं गुरुकुल
गुरुकुल का इतिहास सनातन
वैदिक अग्न्याधान हैं गुरुकुल।
आर्ष पाठ विधि के उन्नायक
अमल धवल प्रतिमान हैं गुरुकुल।

वेद सूर्य के प्रबल प्रचारक
कौन कहे अनजान हैं गुरुकुल
सद्गुण के दिनमान हैं गुरुकुल।
दुर्गुण के अवसान हैं गुरुकुल।
अम्बर के जलयान हैं गुरुकुल
दैवी नाव विमान हैं गुरुकुल।

अनुपम अद्भुत ऋषि मुनियों के
सब से अधिक महान हैं गुरुकुल।
है सच्चा आनंद यहीं पर
सचमुच स्वर्ग समान हैं गुरुकुल।
चेतन हैं जड़ नहीं ‘मनीषी’
वर्णाश्रम की जान हैं गुरुकुल।