शिक्षा का प्रसार हो तो जल्दी बेड़ा पार हो

0
7

शिक्षा का प्रसार हो तो जल्दी बेड़ा पार हो

शिक्षा का प्रसार हो तो
जल्दी बेड़ा पार हो इस
प्यारे भारत देश का।। टेका।।
ब्रह्मचर्य का पालन करके
अच्छी तरह पढ़ाई हो
अपनी मातृभाषा सीखें,
जो पूर्ण सुखदायी हो
देश धर्म का प्यार हो,
शुद्ध पवित्र विचार हो
कुल प्रजा और नरेश का।।1।।

ज्ञान और विज्ञान को सीखें
शिल्पकला के ज्ञाता हों
नये-नये आविष्कार करें
और बड़े-बड़े निर्माता हों
घड़ी रेडियो तार हों
विमान मोटर कार हों
भ्रमण करें देश विदेश का।।2।।

विद्याहीन मनुष्य का जग में
जीवन भी कोई जीवन है
सबसे उत्तम विद्वानों ने
माना विद्या का धन है
अनपढ़ जो नर-नार हो,
कहीं नहीं सत्कार हो
हरदम रहे काम क्लेश का।।3।।

विद्या पढ़ो पढ़ाओ यदि
उन्नति करनी आज है
भुखमरी और बेरोजगारी का
यही सही इलाज है
शक्तिशाली सरकार हों
सब ही बारोजगार हों
अन्तर मिटे शेष विशेष का।।4।।

जब चाहे तब पढ़ सकता है,
पढ़ने का यदि इरादा हो
अक्षर चार सीखकर मरियो
दादी हो चाहे दादा हो
शोभाराम प्रेमी का कहन
मिलकर के सब भाई बहन करो
संध्या हवन हमेशा ।।5।।