राम जी के गीत गाओ
राम जी के गीत गाओ,
राम नवमी आ गयी।
प्रेम की गंगा बहाओ,
राम नवमी आ गयी ।।
रामजी का जन्म हुआ,
देश भारत वर्ष में।
नाच उठे लोग सभी,
मग्न हुये हर्ष में।
झूम के खुशियाँ मनाओ,
राम नवमी आ गयी ।।
भूल के माता-पिता का,
हुक्म नहीं टालना
जान की बाजी लगा के,
वचन सदा पालना।
धर्म की बातें सुनाओ,
राम नवमी आ गयी।।
सभ्य हो, विनम्र हो,
गुरुजनों का प्यार लो।
कौम को ऊँचा उठाओ
राम नवमी आ गयी।।
हर किसी इन्सान से,
इन्साफ किया राम ने
पाप को बढ़ने नहीं दिया,
नजर के सामने ।
आप भी कुछ कर दिखाओ,
राम नवमी आ गयी।।
अपनी जन्मभूमि का,
अपमान सहेंगे नहीं।
उलझनों में देख के,
खामोश रहेंगे नहीं।
राम की सौगन्ध खाओ,
राम नवमी आ गयी।।
मिल के रहो, मिल के चलो,
मिल के ही विचार लो
जो बिछुड़ गये हैं उन्हें
प्यार से पुकार लो।
पथिक दीवारें गिराओ
राम नवमी आ गयी।।










