पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आर्य वीर दल व योग धाम ने सौंपा ज्ञापन, की कड़ी कार्रवाई की मांग
बहरोड, 28 अप्रैल 2025
महर्षि दयानंद योग धाम बहरोड़ और आर्य समाज के युवा संगठन सार्वदेशिक आर्य वीर दल, बहरोड़ के तत्वाधान में आज एक विरोध कार्यक्रम आयोजित कर 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की घोर निंदा की गई। इस हमले में 28 निर्दोष हिंदू पर्यटकों की आतंकवादियों द्वारा धर्म के आधार पर निर्मम हत्या कर दी गई थी।
इस अमानवीय घटना के विरोध में आर्य वीर दल ने एसडीएम बहरोड़, जिला कोटपूतली-बहरोड़ को एक ज्ञापन सौंपा, जिसे भारत सरकार व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित किया गया। ज्ञापन में मांग की गई कि आतंकवादियों और उनके संरक्षकों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी वीभत्स घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कार्यक्रम में बोलते हुए प्रांतीय उपसंचालक आर्य वीर दल, राजस्थान रामकृष्ण शास्त्री ने कहा, “यह घटना मानवता के इतिहास में एक काला अध्याय है। धर्म पूछ कर केवल हिंदू होने के आधार पर हत्या करना अत्यंत निंदनीय है।” उन्होंने बलिदान हुए सभी हिंदू पर्यटकों को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस ज्ञापन कार्यक्रम में अनेक गणमान्य नागरिकों और समाजसेवियों ने भाग लिया, जिनमें प्रमुख रूप से —
रामानंद आर्य, सुबे सिंह यादव (एडवोकेट), वेद प्रिय आर्य, कृष्ण कुमार आर्य, विनोद कुमार यादव,
अनिल यादव (प्रदेश अध्यक्ष, हिंदू सेना राजस्थान), संजय चौधरी, सोनू सैनी, हेमंत आर्य, रामचंद्र आर्य, डॉ. सत्यवीर आर्य, श्री धनपत यादव और जसवंत सिंह आर्य आदि उपस्थित रहे।
सभी उपस्थितजन ने एकमत होकर भारत सरकार से आग्रह किया कि आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।










