बहने दूँ, बहने दूँ, सत्य बहने दूँ

0
11

बहने दूँ, बहने दूँ, सत्य बहने दूँ

बहने दूँ, बहने दूँ, सत्य बहने दूँ
बहने दूँ सत्य की गङ्गा
बनूँ असत्य का ना अन्धा
प्रभु सत्य का पाठ पढ़ा दे
सत्यशील मुझे तू बना दे
बहने दूँ, बहने दूँ, सत्य बहने दूँ

सत्-असत् की जग में है स्पर्धा
दोनों चाहें निज श्रेष्ठता
स्वार्थियों में तो असत्य उभरता
जिसे उपयुक्त समझता
सत्य ग्रन्थों को जब वह पढ़ता
निष्कपट ज्ञानी को वरता


रहने दे, रहने दे, प्रभु रहने दे
नीति-निपुण लोगों में
दूर है जो भोगों से
सत्यनिष्ठों का बनूँ मैं पुजारी
रहूँ उनका सदा आभारी
बहने दूँ, बहने दूँ, सत्य बहने दूँ

सत्यनिष्ठ मिले मुझको सत्वर
रहे जो मेरे हितकर
सोमेश्वर से ही जो मिला दे
छल-कुटिलता रहे मिटकर
सत्य ज्ञान सर्वोच्च मैं चाहूँ


हृदयस्थ सोमदेव पाऊँ
रहने दे, रहने दे, सत्य रहने दे
सत्य निपुणता निभाऊँ
अभीष्ट सोम से पाऊँ
ऋत-सत्य से हृदय सजाऊँ
प्रभु से सुख शान्ति पाऊँ
बहने दूँ, बहने दूँ, सत्य बहने दूँ

सोमरूप हे परमेश्वर !
सत्य सुविज्ञान बढ़ाओ
सत् असत् के इन युद्धों में
सत्य की विजय दिलाओ
सत्य वचन सत्य व्यवहारों को
संकल्पित ही बना दो


कहने दे, कहने दे, प्रभु कहने दे
मन की बात कछु कहने दे
तेरे सोम-शरण में रहने दे
मुझे सत्य अभिज्ञ करा दे
अन्तर से असत् हटा दे
बहने दूँ, बहने दूँ, सत्य बहने दूँ


बहने दूँ सत्य की गङ्गा
बनूँ असत्य का ना अन्धा
प्रभु सत्य का पाठ पढ़ा दे
सत्यशील मुझे तू बना दे
सत्यशील मुझे तू बना दे
सत्यशील मुझे तू बना दे