एक दिया सादा हो इतना, जैसे साधु का जीवन।
एक दिया सादा हो इतना,
जैसे साधु का जीवन।
एक दिया इतना सुन्दर हो,
जैसे देवों का उपवन |*l
एक दिया जो भेद मिटाए,
क्या तेरा क्या मेरा है?
एक दिया जो याद दिलाये,
हर रात के बाद सवेरा है |
एक दिया उनकी खातिर हो,
जिनके घर में दिया नहीं ।
एक दिया उन बेचारों का,
जिनको घर ही दिया नहीं |
एक दिया विश्वास दे उनको,
जिनकी हिम्मत टूट गयी।
एक दिया उस राह में भी हो,
जो कल पीछे छूट गयी |
एक दिया जो अंधकार का,
जड़ के साथ विनाश करे ।
एक दिया ऐसा भी हो जो
भीतर तलक प्रकाश करे ||










