वी०पी०वी० पब्लिक स्कूल गुरुकुल में यज्ञ के साथ नए शैक्षिक सत्र का शुभारंभ
गाजियाबाद, 1 अप्रैल 2026 — ग्राम मकरेड़ा स्थित वी०पी०वी० पब्लिक स्कूल (गुरुकुल) में 32वें नए शैक्षिक सत्र का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुसार यज्ञ के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक किया गया।
विद्यालय के ग्राम प्रधान एवं प्रबंधक कृष्णदेव आर्य ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी नए सत्र के आरंभ पर यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पर्यावरण शुद्धि हेतु आहुतियां प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण का समाधान पौधारोपण और घरों में यज्ञ के माध्यम से संभव है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय सनातन परंपराओं से जुड़कर बच्चों में श्रेष्ठ संस्कार विकसित किए जा सकते हैं। आज की चकाचौंध में बच्चे पश्चिमी सभ्यता का अंधानुकरण कर रहे हैं, जिससे संस्कारों में कमी आ रही है। ऐसे में अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों के साथ समय बिताएं और उन्हें सही दिशा प्रदान करें।
विद्यालय में पहुंचे छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया, जिससे उनमें भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित हुई।

कृष्णदेव आर्य ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत मकरेड़ा को निरंतर उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाता रहा है। वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत भी पंचायत को पुरस्कृत किया गया है, जिससे प्राप्त धनराशि गांव के विकास कार्यों में लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनपद गाजियाबाद की सुराना, मिलक रावली, मकरेड़ा, भटजन एवं भनेड़ा खुर्द ग्राम पंचायतों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार, विकास चौधरी, अंजना चौधरी, शर्मिष्ठा चौधरी, अंजली शर्मा, रीना शर्मा, सीमा श्रीवास्तव, आकांक्षा शर्मा, काजल, दिव्या अधाना, प्रमोद खारी आदि उपस्थित रहे।
अंत में कृष्णदेव आर्य ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही विद्यालय और ग्राम निरंतर प्रगति कर रहे हैं।
मधुर भजन सुनने के लिए यहाँ क्लिक करे 👇
























