वैदिक विद्या केंद्र के एक वर्ष तक चलने वाले लोकार्पण उत्सव में निमंत्रण

0
104

वैदिक विद्या केन्द्र डी.ए.वी. ग्रुप. चत्रई

सभी आर्य समाजों, वैदिक संस्थानों एवं आर्य जनों को वैदिक विद्या केंद्र के एक वर्ष तक चलने वाले लोकार्पण उत्सव में निमंत्रण।

01 सितम्बर, 2024

सभी को सादर नमस्ते !

हमें आपको यह सूचित करते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है कि वैदिक विद्या केन्द्र के नाम से दक्षिण भारत के पुड्डुचेरी (पूर्व पॉन्डिचेरी) प्रांत में एक अलौकिक प्रकल्प का निर्माण किया गया है। इसका लोकार्पण 15 सितंबर से प्रारंभ होते हुए एक वर्ष तक उत्सव के रूप में मनाने की योजना है। हम आपको इस पत्र द्वारा इस केंद्र की संक्षिप्त जानकारी देते हुए, इसके लोकार्पण उत्सव में आमंत्रित करते हैं।

इस केंद्र के सुरम्य और शांत वातावरण में किसी भी उम्र का साधक वैदिक विद्याओं के अध्ययन तथा ध्यान-साधना करने हेतु आ सकता है। प्राच्य और आधुनिक विद्या प्रदान करने वाला गुरुकुल भी यहाँ प्रारंभ हो चुका है। यह केंद्र सभी प्रकार के आधुनिक संसाधनों और आवासीय सुविधाओं से परिपूर्ण है।

यहाँ वैदिक विद्वानों, प्रचारकों, पुरोहितों एवं कार्यकर्ताओं के निर्माण हेतु कार्यशालाओं तथा शिविरों का आयोजन निरन्तर चलता रहेगा। उच्च कोटि के विद्वान यहाँ आकर प्रशिक्षण देते रहेंगे। इसी केन्द्र में आर्य युवा आत्मनिर्भर योजना के अंतर्गत आर्य युवकों / युवतियों को प्रशिक्षित भी किया जा रहा है जिससे वे आत्मनिर्भर होते हुए प्रचार भी करते रहें। इस केन्द्र में उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं द्वारा हर जिज्ञासु यहाँ रह कर अपना कार्य ऑनलाइन करते हुए वैदिक विद्याओं एवं साधना का लाभ उठा सकता है। यह केंद्र डिजिटल माध्यम से विश्व स्तर पर वैदिक प्रचार प्रसार भी करेगा।

लोकार्पण उत्सव के शुभारम्भ से लेकर एक वर्ष पर्यन्त चलने वाले कार्यक्रमों की सुनिश्चित योजना तय की गयी है। इसमें वैदिक एवं आर्ष विद्या की प्रासंगिकता, जीवनोपयोगिता, आर्य मन्तव्य एवं व्यक्ति, समाज, राष्ट्र को दिशा देने वाले विषयों पर वैदिक विद्वानों के व्याख्यान, संगोष्ठी, कार्यशालायें एवं शिविर आदि आयोजित किये जायेंगे। ये कार्यक्रम जिज्ञासु, गृहस्थी, वानप्रस्थी, विद्यार्थी, शोधार्थी आदि सभी को ध्यान में रखते हुये आयोजित किये जा रहे हैं। इनकी विवरणिका पत्र के साथ संलग्न है।

आप सभी को निमंत्रण है कि वर्षभर चलने वाले इस लोकार्पण उत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी अपनी-अपनी आर्यसमाज के सदस्यों एवं आस-पास स्थित वैदिक मन्तव्य की संस्थाओं में देवें। इसकी घोषणा अपने साप्ताहिक सत्संग एवं विशेष अवसरों पर करें। इसके साथ ही आप समाज के सदस्यों को प्रोत्साहित एवं प्रेरित करें कि वे व्यक्तिगत, पारिवारिक व सामूहिक रूप से इस विशिष्ट एवं वैविध्यपूर्ण उत्सव में भाग लेवें। उत्सव में अतिथियों के आगमन, निवास, भ्रमण, प्रस्थान आदि की व्यवस्था सहज एवं सुदृढ होवे इसलिए ध्यातव्य बिन्दुओं का विवरण संलग्न है। इन्हे आप अपने सदस्यों तक पहुंचाएं।

इस उत्सव में भाग लेकर एवं विविध विद्वानों का सान्निध्य प्राप्त कर आपके सदस्य स्वयं तो लाभान्वित होंगे ही, साथ ही दक्षिण भारत में इस केन्द्र के लोकार्पण के ऐतिहासिक अवसर के भी साक्षी होंगे। उन्हें पुडुचेरी व दक्षिण भारत भ्रमण का अनोखा अवसर भी प्राप्त होगा।

कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाईट www.vvk.davchennai.org देखें अथवा (7418727133 / 9176410164) / ईमेल vvk@davchennai.org पर संपर्क करें। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए निम्न QR Code को स्कैन करें अथवा हमारे वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण पत्र भरें। पंजीकरण की पुष्टि आपको दो दिन में कर दी जाएगी। पंजीकृत अतिथियों की आवास एवं भोजन व्यवस्था केंद्र में ही होगी।

वैदिक विद्या केंद्र (VVK) के लोकार्पण उत्सव में आगुन्तकों के लिए ध्यातव्य बिन्दु निम्न हैं।

1. उत्सव के दौरान आवासीय व्यवस्था का प्रारूप –

गंभीर जिज्ञासुओं और साधकों को आमंत्रण है, कि वे इस केंद्र में अपनी अनुकूलतानुसार लंबे समय तक रहकर लाभ उठाए। पर उत्सव के दौरान व्यवस्था की दृष्टि से निम्न नियम लागू होंगे।

  • कार्यक्रम की तिथियों में पंजीकृत अतिथियों के लिए 4 रात्रि का आवास एवं भोजन की व्यवस्था वैदिक विद्या केंद्र की ओर से होगी। अतिथि इच्छानुसार अपना सहयोग देवें। कार्यक्रम में आयोजित सभी सत्रों में समय पर पहुँचना अपेक्षित रहेगा।
  • जो अतिथि 4 रात्रि से अधिक रहना चाहते हैं, उनके द्वारा 700 रुपये का शुल्क प्रति व्यक्ति प्रति दिन सामूहिक आवास और भोजन व्यवस्था के लिए देय होगा।
  • जो अतिथि और लंबे समय के लिए रहना चाहें, उनके लिए प्रति माह प्रति व्यक्ति सामूहिक आवास और भोजन व्यवस्था का शुल्क 10500/- रुपये रहेगा। अगर दो अतिथि एक साथ मिलकर / दम्पति एक कक्ष लेना चाहे तो 20000 प्रति माह भोजन और आवास का शुल्क होगा। प्रत्येक कक्ष का बिजली मीटर अलग है जिसके बिल का भुगतान अतिथि करेंगे।
  • व्यवस्था हेतु 4 रात्रि से अधिक प्रवास के निवेदन पर विचार व निर्णय संस्था प्रबंधन द्वारा अनुमन्य होगा।

2. सुविधाएं –

  • आवास की व्यवस्था वैदिक विद्या केंद्र के परिसर में होगी। अतिथियों की संख्या, वरिष्ठता और आयु के आधार पर, व्यक्तिगत कमरों या सामूहिक कक्षों में व्यवस्था की जाएगी।
  • कृपया कार्यक्रम में भाग लेने हेतु पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें ताकि व्यवस्था सुचारु रूप से हो सके। पंजीकरण की पुष्टि होने पर अपना आरक्षण करें। यात्रा संबंधित जानकारी और स्थानीय व्यवस्था हेतु आपका यथोचित मार्गदर्शन यात्रा डेस्क द्वारा किया जाएगा, ताकि आपको चेन्नई पहुँचने के बाद कोई असुविधा न हो।
  • परिवहन और दर्शनीय स्थलों के लिए भुगतान आधारित सहायता प्रदान की जाएगी।

3. स्थान –

चेन्नई से पुड्डुचेरी के दो मार्ग हैं, एक ईस्ट कोस्ट रोड (ECR) और दूसरा टिंडिवनम के द्वारा (NH32). ECR द्वारा चेन्नई से पुड्डुचेरी जाते हुए पुडुचेरी से 10-12 किलोमीटर पहले, कलापेट नामक स्थान है। वहाँ से दाहिनी ओर मुड़ना है। ECR से वैदिक विद्या केंद्र (VVK) तीन किलोमीटर है। (VVK तक पहुँचने के लिए टिंडिवनम के माध्यम से एक वैकल्पिक मार्ग भी है)।

VVK के पास के प्रमुख स्थान और उनकी VVK से दूरी इस प्रकार है-

  • पाण्डिचेरी विश्वविद्यालय 4-5 किलोमीटर (जब आप चेन्नई से पुड्डुचेरी जा रहें होंगे, तब VVK विश्वविद्यालय से पहले आता है)
  • पाण्डिचेरी इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) (2 किलोमीटर)
  • डी.ए.वी स्कूल पुड्डुचेरी 400 मीटर वैदिक विद्या केंद्र और उपर्युक्त प्रमुख स्थान Google Maps पर उपलब्ध हैं, जिससे आप दिशा निर्देश प्राप्त कर सकते हैं।

4. कैसे पहुँचें –

  • हवाई यात्रा से चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे। वहाँ से बस, कार या टैक्सी द्वारा वैदिक विद्या केन्द्र, पुड्डुचेरी पहुँच सकते हैं।
  • रेल द्वारा पाण्डिचेरी स्टेशन अथवा चेन्नई रेलवे स्टेशन पहुंचे। आपके शहर से चेन्नई तक की ट्रेन की मिलने की संभावना अधिक है, पुडुचेरी की कम।
  • चेन्नई रेल्वे स्टेशन या हवाई अड्डा पहुँचने पर बस अथवा टैक्सी ले सकते हैं। चेन्नई रेल्वे स्टेशन से पुड्डुचेरी के लिए प्रतिदिन तीन ट्रेन भी चलती है।
  • चेन्नई और पुडुचेरी के बीच एक तरफ बस का किराया 250 350 रुपये है। टैक्सी का प्रति व्यक्ति (pool taxi) करीब 1000 रुपये होगा। व्यक्तिगत गाड़ी 2500-3500 रुपये में उपलब्ध होंगे। यात्रा डेस्क आपका यथोचित सहयोग करेगी।

5. संपर्क –

    कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाईट www.vvk.davchennai.org देखें अथवा (7418727133/ 9176410164)/ ईमेल vvk@davchennai.org पर संपर्क करें। यात्रा डेस्क का संपर्क नंबर भी ये ही है। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए निम्न QR Code को स्कैन करें अथवा हमारी वेबसाईट पर जाकर पंजीकरण करें। पंजीकरण की पुष्टि आपको दो दिन में कर दी जाएगी। पंजीकृत अतिथियों के आवास एवं भोजन व्यवस्था वैदिक विद्या केंद्र में ही होगी।

    * सभी अतिथियों से अपेक्षा रहेगी की वेशभूषा और व्यवहार आश्रम अनुकूल हो। परिसर में धूम्रपान एवं मादक पदार्थों का सेवन सर्वथा निषिद्ध है।