नमस्ते जी
आप सभी के सहयोग एवं सत्प्रेरणा से पूज्य स्वामी प्रणवानन्द सरस्वती जी (संस्थापक, गुरुकुल पौन्धा देहरादून) के मार्ग-दर्शन व अध्यक्षता में श्रीमद् दयानन्द आर्ष ज्योतिर्मठ गुरुकुल पौन्धा, देहरादून का रजत जयन्ती समारोह निर्विघ्न सम्पन्न हुआ।
ईश्वर की कृपा से इस सफल-सुफल आयोजन के मूल में पूज्य संन्यासीवृंद, वैदिक विद्वज्जन, आचार्यगण, भजनोपदेशक, गणमान्य गुरुकुल प्रेमी श्रद्धालुजनों के आशीर्वाद, गुरुकुलानुरागी सहयोगियों के सहयोग एवं गुरुकुल के समस्त स्नातक व ब्रह्मचारियों का अनथक पुरुषार्थ तथा पाण्डाल निर्माण, पाचक (हलवाई), आवास-निवास की व्यवस्था प्रदान करने वाले क्षेत्रीय सहयोगियों, वाहन व्यवस्था, प्रचार-प्रसार एवं जन-धन संग्रह आदि कार्यक्रम से पूर्व हुई तैयारियों में सहयोग करने वाले सभी आर्यसज्जनों का महनीय योगदान है।
कार्यक्रम की सफलता आप गुरुकुल प्रेमी महानुभाव की गरिमामयी उपस्थिति पर निर्भर करती है, जिसे आप सभी ने सशरीर तथा आभासीय (वर्चुअल) माध्यम से पूर्ण की। तथा किन्हीं कारणों से यह सम्भव न रहा तब भी आपका मन तो निश्चित रूप से यही पर रहा है, यह कार्यक्रम के सफलता की घोषणा करता है।
मानव सुलभ व्यवहार व वैचारिक चिन्तन की न्यूनता से कार्यक्रम में न्यूनताएं अवश्य रही होंगी, उन न्यूनताओं को आप सभी ने सहजभाव से दूर कर आपने हम पर विशेष अनुग्रह रखा, इसके लिए धन्यवाद शब्द अपूर्ण है।
इस समारोह में जो कुछ मन-भावन हो सका वह सब आप सभी की शुभकामनाओं व शुभाषीश का ही परिणाम है।
हम सभी गुरुकुल परिवार के सदस्य ईश्वर को स्मरण करते हुए अन्तःस्थल से आप सभी का बारम्बार आभार व्यक्त करते हैं।
आचार्य डॉ. धनंजय
आचार्य चन्द्रभूषण
एवं
समस्त गुरुकुल परिवार
🎶🎵मधुर भजन सुनने के लिए यहाँ क्लिक करे 👇🎵🎶










