✨ 1857 के वीर योद्धा: महाराजा राव तुलाराम ✨
माँ भारती को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त कराने के लिए शुरू हुई 1857 की क्रांति भले ही तत्कालीन समय में सफल नहीं हो पाई, लेकिन इसने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की नींव रख दी। इस संग्राम में कई महान सेनानियों ने हिस्सा लिया, जिनमें तात्या टोपे, महारानी लक्ष्मीबाई, मंगल पांडे, नाना साहब पेशवा, कुंवर सिंह जैसे वीर योद्धा शामिल थे। लेकिन इनके अलावा भी कई ऐसे रणबांकुरे थे, जिन्हें इतिहास में उचित स्थान नहीं मिला, पर उनका योगदान अमूल्य था। ऐसे ही एक महान सेनानी थे रेवाड़ी स्थित रामपुरा रियासत के राजा राव तुलाराम।
🏹 अहीरवाल की गौरवशाली परंपरा और राव तुलाराम का जन्म
हरियाणा का अहीरवाल क्षेत्र वीरता की अद्वितीय गाथाओं से भरा पड़ा है और स्वतंत्रता संग्राम में भी इस क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 9 दिसंबर 1825 को जन्मे राव तुलाराम को हरियाणा में “राज नायक” के रूप में सम्मान प्राप्त है। उनका जन्म रेवाड़ी शहर में यादव (अहीर) परिवार में हुआ था। उनके पिता राव पूरन सिंह और माता ज्ञान कुँवर थीं। उनके दादा का नाम राव तेज सिंह था।
महज 14 वर्ष की आयु में ही उनके पिता का निधन हो गया, जिससे राज्य की सारी जिम्मेदारी उनकी माता पर आ गई। अंग्रेज इस मौके की ताक में थे, क्योंकि वे चाहते थे कि इस रियासत को भी अपने अधीन कर लें और यहाँ के लोगों का शोषण करें।
⚔️ 1857 की क्रांति और राव तुलाराम की भूमिका
जब मई 1857 में स्वतंत्रता संग्राम की चिंगारी अहीरवाल पहुंची, तो राव तुलाराम ने भी क्रांति का बिगुल बजा दिया। उन्होंने अपने इलाके से अंग्रेजों के शासन को उखाड़ फेंकने का ऐलान किया और खुद को स्वतंत्र राजा घोषित कर दिया। अंग्रेजों ने गुड़गांव और आसपास का क्षेत्र छोड़कर भागना पड़ा और इस पूरे क्षेत्र पर राव तुलाराम का शासन कायम हो गया।
उन्होंने दिल्ली के स्वतंत्रता सेनानियों को धन, सैन्य बल और युद्ध सामग्री प्रदान कर 1857 की क्रांति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लेकिन अंग्रेज शांत नहीं बैठे, उन्होंने भारतीय योद्धाओं को कुचलने की कोशिश की।
🔥 नसीबपुर का युद्ध (16 नवंबर 1857)
अंग्रेजों के खिलाफ 16 नवंबर 1857 को नारनौल के नसीबपुर में भीषण युद्ध हुआ। इसमें राव तुलाराम के नेतृत्व में अहीर, राजपूत और ब्राह्मण योद्धाओं ने अंग्रेजों को कड़ी टक्कर दी। हालांकि, इस युद्ध में 5,000 से अधिक भारतीय योद्धा शहीद हो गए। लेकिन राव तुलाराम हार मानने वालों में से नहीं थे।
🌍 अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग की कोशिशें
राव तुलाराम ने भारत को स्वतंत्र कराने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग की भी कोशिश की। वे भेष बदलकर भारत से निकल गए और ईरान व अफगानिस्तान के शासकों से मिले। उनकी योजना रूस के ज़ार से भी संपर्क स्थापित करने की थी ताकि अंग्रेजों के खिलाफ एक बड़ा युद्ध लड़ा जा सके।
⚰️ स्वतंत्रता संग्राम का यह नायक काबुल में अमर हो गया
लगातार संघर्ष और परिश्रम ने उनके स्वास्थ्य को कमजोर कर दिया। 23 सितंबर 1863 को काबुल में ही उनकी 38 वर्ष की आयु में मृत्यु हो गई। हालांकि, उनका सपना अधूरा रह गया, लेकिन उन्होंने जो चिंगारी जलाई, वही आगे चलकर भारत की आज़ादी का कारण बनी।
🏛 राव तुलाराम की स्मृति में सम्मान
🇮🇳 1957 में भारत सरकार ने 1857 की क्रांति की शताब्दी मनाते हुए नारनौल (नसीबपुर युद्ध क्षेत्र), रेवाड़ी और रामपुरा में शहीदी स्मारक बनवाए।
🇮🇳 23 सितंबर को हरियाणा सरकार ने राजकीय अवकाश घोषित किया।
🇮🇳 23 सितंबर 2001 को भारत सरकार ने महाराजा राव तुलाराम की स्मृति में डाक टिकट जारी किया।
🏟 राव तुलाराम के नाम पर प्रमुख स्थान
🏛 रेवाड़ी में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है।
🏞 राव तुलाराम पार्क और राव तुलाराम स्टेडियम भी मौजूद हैं।
🏥 दिल्ली में “राव तुलाराम मेमोरियल चिकित्सालय” और “राव तुलाराम मार्ग” उनके सम्मान में नामित किए गए हैं।
🙏 वीर नायक को नमन!
आज भी राव तुलाराम का योगदान अमर है। उनका बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनकी वीरता, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति प्रेम हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। शत-शत नमन इस वीर योद्धा को!
🔥 “बलिदानियों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले,
वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा।” 🔥
विस्तृत जीवन परिचय

माँ भारती को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्ति दिलाने के लिए शुरू हुई 1857 की क्रान्ति बेशक विभिन्न कारणों से विफल हो गई थी, लेकिन यह भी निर्विवाद सत्य है कि इसी क्रान्ति ने भारतीयों के मन मस्तिष्क में आजादी पाने का ऐसा जज्बा पैदा किया था, जिससे अंग्रेजों को देश छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। स्वतंत्रता संग्राम की इस पहली जंग में जहाँ एक ओर थे तात्या टोपे, महारानी लक्ष्मीबाई, मंगल पांडे, नाना साहब पेशवा व कुंअर सिंह जैसे जाने माने महान जांबाज तो वहीँ दूसरी ओर ऐसे भी अनेक योद्धा सेनानी रहे, जिन्हें भले ही हमने भुला दिया, इतिहास में उपयुक्त स्थान नहीं मिला, पर इससे उनका योगदान किसी से कम नहीं हो जाता। ऐसे ही रणबांकुरों में से एक थे रेवाड़ी स्थित रामपुरा रियासत के राजा राव तुलाराम। वैसे भी अहीरवाल का इतिहास वीरता की गौरव गाथाओं से भरा पड़ा है और जंग-ए-आजादी में भी यहां के वीरों का अहम योगदान रहा था।
9 दिसम्बर 1825 को जन्मे राव तुलाराम, जो कि 1857 के भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेताओं में से एक थे, को हरियाणा राज्य मे ‘राज नायक’ माना जाता है। उनका जन्म हरियाणा राज्य के रेवाड़ी शहर में एक यादव (अहीर) परिवार में राव पूरन सिंह तथा ज्ञान कुँवर के पुत्र के रूप में हुआ था। इनके दादा का नाम राव तेज सिंह था। जब तुलाराम मात्र 14 वर्ष के थे तभी उनके पिता का देहांत हो गया था और पिता की मृत्यु के बाद राज्य का सारा भार उनकी माता जी पर आ गया। उस समय देश पर अंग्रेजों का शासन था और जब एक 14 साल का बच्चा राज गद्दी पर बैठा हो तो इस बात को अंग्रेज उस राज्य को हथियाने के एक अवसर के रूप में देखते थे।
अंग्रेज चाहते थे कि वह इस प्रांत को अपनी सीमाओं के अन्दर ले लें और राज्य के लोगों से कर लेकर इनका शोषण करें। इसी बीच अंग्रेजी शासकों को राव तुलाराम को परेशान करने का बहाना भी मिल गया क्योंकि देश भक्ति का परिचय देते हुए राव राज-वंश ने मराठा-ब्रिटिश संघर्ष के समय मराठों का साथ दिया था। इससे नाराज होकर फिरंगियों ने उनकी जागीर को धीरे-धीरे घटाकर इतना छोटा कर दिया कि एक समय राव तुलाराम के पूर्वजों के पास 87 गाँवों पर आधारित जागीर, जिसकी उस समय की कीमत लगभग 20 लाख रूपये रही होगी, मात्र एक लाख रूपये रह गई। अतएव फिरंगी सरकार से रेवाड़ी के राजवंश का नाराज होना स्वाभाविक था।
इस बीच जब मई 1857 की क्रांति की लहर अहीरवाल क्षेत्र में पहुची तब राव राजा ने भी क्रांति का बिगुल बजा दिया। राव तुलाराम ने इस इलाके से अंग्रेजी सेना के खात्मे का एलान कर दिया। क्रांतिकारी नेताओं ने दिल्ली के सिंहासन पर कब्जा कर बहादुरशाह जफर को हिंदुस्तान का बादशाह घोषित कर दिया। अंग्रेज गुड़गांव व आसपास का इलाका छोड़ कर भाग गए तथा इस पूरे इलाके पर राव तुलाराम का शासन कायम हो गया। उन्होंने खुद को स्वतंत्र घोषित करते हुये राजा की उपाधि धारण कर ली थी। 1857 की क्रांति में हरियाणा के दक्षिण-पश्चिम इलाके से सम्पूर्ण बिटिश हुकूमत को अस्थायी रूप से उखाड़ फेंकने तथा दिल्ली के ऐतिहासिक शहर में विद्रोही सैनिकों की, सैन्य बल, धन व युद्ध सामग्री से सहायता प्रदान करने का श्रेय राव तुलाराम को ही जाता है।
गुस्साये अंग्रेजों ने संगठित होकर राव तुलाराम को घेरने की कोशिश की। इस दौरान ही 16 नवंबर 1857 को नारनौल के समीप नसीबपुर के मैदान में अंग्रेजों व भारतीय योद्धाओं के बीच भीषण युद्ध हुआ, जिसमें अंग्रेजी सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा, पर उनके भी पाँच हजार से अधिक अहीर, राजपूत व ब्राह्मण योद्धा मारे गए। आगे की लड़ाई की रणनीति तय करने हेतु वह तात्या टोपे से मिलने गए, परंतु 1862 मे तात्या टोपे के बंदी बना लिए जाने के कारण उनकी यह योजना विफल हो गयी। अंग्रेजों से भारत को मुक्त कराने के उद्देश्य से एक बड़ा और निर्णायक युद्ध लड़ने में सैनिक सहायता लेने के लिए राव तुलाराम ने अंग्रेजी सेना को चकमा देकर भेष बदलकर अपने विश्वसनीय साथियों के साथ भारत छोड़ दिया और ईरान व अफगानिस्तान के शासकों से मुलाकात की, साथ ही रूस के ज़ार के साथ सम्पर्क स्थापित करने की उनकी योजनाएँ थीं।
परंतु भाग्य ने उनका साथ नहीं दिया और अथक परिश्रम एवं अनवरत भागदौड़ ने उनके शरीर को रोगों से ग्रसित कर दिया। काबुल पहुचकर अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चाबंदी मजबूत करने से पहले ही उनका स्वास्थ्य इतना खराब हो गया कि 38 वर्ष की आयु में 23 सितंबर 1863 को काबुल में आजादी का यह महानायक सदा के लिए सो गया, परतु आजादी की जो चिंगारी उन्होने सुलगाई थी, वही भविष्य में ज्वाला बनकर देश को आजाद कराने का कारण बनी। काबुल से राव तुलाराम की अस्थिया लाने के लिए कुछ वर्ष पूर्व प्रयास भी शुरू हुए थे, लेकिन यह प्रयास अन्यान्य कारणों से सिरे नहीं चढ़ पाये।
वर्ष 1957 में जब भारत सरकार ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की शताब्दी मनाई, तब राव तुलाराम की स्मृति में सरकार ने नारनौल (नसीबपुर युद्ध क्षेत्र), रेवाड़ी और रामपुरा में शहीदी स्मारक बनवाए। हरियाणा सरकार ने भी 23 सितम्बर को राव तुलाराम व अन्य शहीदों को श्रद्धांजलि देने हेतु राजकीय अवकाश घोषित किया हुआ है। 23 सितम्बर 2001 को भारत सरकार ने महाराजा राव तुलाराम की स्मृति मे डाक टिकट जारी किया।
उनके नाम से रेवाड़ी में कई महत्वपूर्ण स्थान मनाये गए हैं। एक चौक पर उनकी प्रतिमा लगाई गई हैं और उनके नाम से एक पार्क और एक स्टेडियम भी बनाया गया है। उनके सम्मान में दिल्ली में भी कई संस्थानों के नाम हैं, जिनमें जफरपुर कलाँ का ‘राव तुलाराम मेमोरियल चिकित्सालय’, महाराजा राव तुलाराम मार्ग व महाराजा राव तुलाराम पोलिटेक्निक, वजीरपुर चिराग दिल्ली प्रमुख हैं। रामपुरा गांव में राव तुलाराम के वंशज अभी भी रहते है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और उनके दो भाई राव तुलाराम के ही वंशज हैं। आज उनके जन्मदिवस पर राव तुलाराम को शत शत नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि।










