जागो ऐ नौजवानो! आये हैं हम जगाने
जागो ऐ नौजवानो!
आये हैं हम जगाने,
पछताओगे सदा ही अगर,
आज तुम न माने ।।
आया है वक्त ऐसा,
तुमको है अब संभलना,
है हाथ में तुम्हारे,
संसार को बदलना ।।
सच्चाईयों के बल पर,
तुमको है आगे बढ़ना।
अगर मौत भी पुकारे,
तुमको नहीं है डरना ।।
भारत की शान हो तुम,
इस देश का उजाला ।
झुक जाए तेरे आगे,
हर तख्तो-ताज वाला ।।
तेरी मातृभूमि तुझको,
है आज ये पुकारे।
तुझको है लाज रखनी
वेदों के ऐ दुलारे ।।
कुर्बानियों को देकर,
हमने आजादी पायी।
कितने वीरों ने थी,
सीने पे गोली खाई ।।
आओ यहां पे सारे,
मिल के सौगंध खाएं।
जीना वतन की खातिर,
चाहे ये जान जाए ।।










