हिन्दी अपने देश की भाषा, हिन्दी से हम प्यार करेंगे।

0
58

हिन्दी अपने देश की भाषा, हिन्दी से हम प्यार करेंगे।

हिन्दी अपने देश की भाषा,
हिन्दी से हम प्यार करेंगे।
हिन्दी भाषा में ही अपने
जीवन का व्यवहार करेंगे।
हिन्दी अपने देश की भाषा……

सारा भारत एक राष्ट्र है
हिन्दी इसकी भाषा है।
हिन्दी भारत का गौरव है
जन-गण-मन की आशा है।
सारी पृथ्वी के ऊपर हम,
हिन्दी का विस्तार करेंगे।
हिन्दी अपने देश की भाषा……..

बिखरे मोती मिल जाते हैं,
एक सूत्र मिल जाने से।
देश हमारा एक रहेगा,
हिन्दी को अपनाने से।
आदरणीय महापुरुषों के
सपनों को साकार करेंगे।
हिन्दी अपने देश की भाषा……….

आशा क्या विश्वास है इक दिन,
हिन्दी को सम्मान मिलेगा।
माता को अपने बच्चों से,
माता का ही स्थान मिलेगा।
हिन्द देश में रहने वाले,
हिन्दी का सत्कार करेंगे।
हिन्दी अपने देश की भाषा………

आओ सारे हिन्दी मिलकर,
हिन्दी को अपनाएँ हम।
जो हम वाणी से कहते हैं,
वह करके दिखलाएँ हम।
उठो ‘पथिक’ सौगन्ध उठाकर,
हिन्दी का प्रचार करेंगे।
हिन्दी अपने देश की भाषा……..