ठाकुरद्वारा में हुआ आर्य समाज मंदिर का उद्घाटन, गुरुकुल विद्यालय का शिलान्यास
ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद: शुक्रवार को जनपद मुरादाबाद के गांव जलालपुर खालसा में आर्य समाज मंदिर का उद्घाटन और गांव तुमरिया में गुरुकुल विद्यालय का शिलान्यास किया गया। इस शुभ अवसर पर समाज के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम
इस भव्य आयोजन के मुख्य अतिथि मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर, पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सतपाल सिंह और हरिद्वार से आए आचार्य अखिलेश्वर भारद्वाज रहे। उन्होंने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ आर्य समाज मंदिर का उद्घाटन किया और गुरुकुल विद्यालय के शिलान्यास की प्रक्रिया संपन्न करवाई।
डॉ. सतपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “आर्य समाज बच्चों को संस्कारवान बनाने की मशीन है। यह समाज में नैतिकता, शिक्षा और भारतीय संस्कृति के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।”

गुरुकुल के लिए दिया गया भूमि दान
गांव तुमरिया कला निवासी और नागलोई, दिल्ली आर्य समाज के अध्यक्ष रामपाल सिंह ने गुरुकुल विद्यालय के लिए अपनी भूमि दान में दी। यह योगदान आर्य समाज के लिए एक प्रेरणादायक पहल है, जिससे वैदिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में आर्य समाज मुरादाबाद के (प्रधान) ज्ञानेंद्र गांधी,अजब सिंह (जिला मंत्री), रमेश सिंह आर्य(एडवोकेट) आचार्य गजेंद्र पाल सिंह (ब्लॉक प्रमुख) डॉ. वीर सिंह सैनी, (आर्य समाज मंदिर ठाकुरद्वारा के मंत्री) संजीव सिंघल, (भाजपा के मीडिया प्रभारी) कमलेश कुमार, नागेंद्र लांबा, आशुतोष अग्रवाल, हरिओम सिंह सैनी समेत कई समाजसेवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
आर्य समाज की समाज में भूमिका
इस अवसर पर वक्ताओं ने आर्य समाज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आर्य समाज समाज सुधार, शिक्षा और धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए सतत कार्यरत है। गुरुकुल परंपरा को पुनर्जीवित कर बच्चों को वैदिक शिक्षा प्रदान करना इसका मुख्य उद्देश्य है।
इस आयोजन से क्षेत्र में आर्य समाज की सक्रियता और शिक्षा के क्षेत्र में इसके योगदान को और मजबूती मिलेगी।
🎶🎵मधुर भजन सुनने के लिए यहाँ क्लिक करे 👇🎵🎶










