आर्य समाज द्वारा रामनवमी पर आयोजित कार्यक्रम सम्पन्न गाजियाबाद

0
66

गाजियाबाद स्थित आर्य समाज अवंतिका में रामनवमी पर्व का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर यज्ञ योग कार्यशाला, दयानन्द पार्क में आयोजित कार्यक्रम में महायज्ञ, भजन संध्या एवं प्रेरणादायक वक्तव्य के माध्यम से श्रीराम के चरित्र का गहन चिन्तन प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दर्शनाचार्या विमलेश बंसल के ब्रह्मत्व में हुए महायज्ञ से हुआ, जिसमें मुख्य यज्ञमान श्रीमती लावण्या सिंघल, वर्चस्व सिंघल, किमाया एवं कषा उपस्थित रहे। यज्ञ की पावन आहुतियों के साथ वातावरण में वैदिक ऊर्जाओं का संचार हुआ।

कार्यक्रम की विशेष शोभा सुप्रसिद्ध भजनोपदेशक पंडित भूपेन्द्र आर्य एवं घनश्याम प्रेमी द्वारा श्रीराम महिमा पर आधारित भजनों से बढ़ी, जिन्होंने अपने भावपूर्ण गायन से सभी को भावविभोर कर दिया।

मुख्य वक्ता दर्शनाचार्या विमलेश बंसल ने कहा कि श्रीराम वेदों के तत्वज्ञ, धर्म के साक्षात स्वरूप एवं आर्य संस्कृति के प्रकाश स्तंभ हैं। उनका संपूर्ण जीवन यज्ञमय था, जिसमें प्रजा की सेवा, मर्यादा की स्थापना और धर्म की रक्षा ही केंद्र में रही। उन्होंने कहा कि श्रीराम के चरित्र से आज के समाज को बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है। उनका आदर्श एक आदर्श पुत्र, आदर्श पति, आदर्श भाई और आदर्श राजा के रूप में हमें दिशा देता है। वाल्मीकि रामायण में दर्शित उनके उज्जवल चरित्र को समाज में प्रचारित कर समरसता, सुख और शांति का वातावरण निर्मित किया जा सकता है।

संरक्षिका डॉ. प्रतिभा सिंघल ने श्रीराम के गुणों का वर्णन करते हुए कहा कि महर्षि नारद ने उन्हें पर्वत जैसी दृढ़ता, समुद्र जैसी गंभीरता और चंद्रमा जैसी शीतलता से युक्त बताया है। श्रीराम का जीवन समस्त मानव जाति के लिए प्रेरणास्रोत है और तभी रामनवमी मनाना सार्थक होगा जब हम उनके चरित्र को अपने जीवन में उतारें।

कार्यक्रम में केन्द्रीय आर्य युवक परिषद उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष योगी प्रवीण आर्य ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

संचालन करते हुए प्रधान वेदप्रकाश तोमर ने वर्तमान समय में श्रीराम के आदर्शों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जब परिवारों में विघटन, संपत्ति के झगड़े और रिश्तों में दरारें बढ़ रही हैं, तब भगवान राम के मार्ग पर चलकर ही समाज को समाधान मिल सकता है।

अंत में उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले मंत्री सुरेंद्र सिंह, देवेंद्र तोमर, एसपी सिंह, सुमन जिंदल, सतीश आर्य, आदित्य वर्मा एवं समस्त टीम का आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर मनोज त्यागी, आशा आर्या, ज्ञानप्रभा बंसल, रेखा गर्ग, कृपाल सिंह, संजीव आर्य, प्रेमपाल शर्मा, प्रमोद शास्त्री, वी.के. धामा, प्रवीण शर्मा एवं त्रिलोक शास्त्री सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

साभार — प्रवीण आर्य