धर्म संवाद: बूँगा, बागेश्वर उत्तराखंड

0
31
धर्म संवाद: बूँगा, बागेश्वर उत्तराखंड

आप सभी को यह बताते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है कि माँ भगवती की पावन भूमि बागेश्वर (उत्तराखंड) के बूंगा ग्राम में वैदिक सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार, धार्मिक भ्रांतियों के निराकरण तथा अंधपरंपराओं एवं मिथ्या मान्यताओं के उन्मूलन के उद्देश्य से धर्म-संवाद एवं वैचारिक चर्चा का आयोजन किया जा रहा है।

इस पुनीत अवसर पर आर्य जगत की प्रतिष्ठित विदुषी एवं प्रखर वैदिक प्रचारिका आदरणीया आचार्या आर्याशा जी का शीघ्र ही शुभागमन होने जा रहा है। उनके सान्निध्य में धर्म, दर्शन, वैदिक संस्कृति तथा जीवन-मूल्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सारगर्भित चर्चा होगी।

संवाद के प्रमुख विषयों में–

१. धर्म की भ्रांतियाँ एवं सत्य की पहचान,

२. युवाओं का भटकाव एवं जीवन की सही दिशा,

३. वैदिक सिद्धांत एवं आर्य संस्कृति,

४. ईश्वर का वास्तविक स्वरूप एवं आध्यात्मिक उन्नति,

५. परिवार में सुख-शांति एवं संस्कार तथा जीवन में विवेक, तर्क और सदाचार का महत्त्व सम्मिलित हैं।

वैदिक परंपरा में प्रश्न करना, जिज्ञासाओं को व्यक्त करना तथा तर्क की कसौटी पर सत्य को परखना सदैव महत्त्वपूर्ण रहा है। इसी परंपरा का अनुसरण करते हुए इस धर्म-संवाद में उपस्थित जनों को अपनी जिज्ञासाएँ एवं शंकाएँ रखने तथा उनका समाधान प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। इसका उद्देश्य केवल धार्मिक विषयों पर चर्चा करना ही नहीं, अपितु सत्य के प्रति जिज्ञासा जागृत करना, भ्रांतियों का निराकरण करना और जीवन में विवेकपूर्ण दृष्टिकोण विकसित करना भी है।

समस्त क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति, युवाओं, बुजुर्गों एवं धर्मप्रेमी सज्जनों से विनम्र आग्रह है कि अपने परिवारजनों एवं इष्ट-मित्रों सहित इस आयोजन में पधारकर आचार्या आर्याशा जी के ज्ञानवर्धक उद्बोधन एवं मार्गदर्शन का लाभ उठाएँ। ऐसे विदुषी व्यक्तित्व का सान्निध्य प्राप्त करना हम सभी के लिए एक महत्त्वपूर्ण अवसर है।

स्थान : बूंगा ग्राम, जनपद बागेश्वर, उत्तराखंड
तिथि एवं समय : शीघ्र ही सूचित किया जाएगा।

सादर निवेदक
भगवत सिंह परिहार
बागेश्वर, उत्तराखंड