युवा संस्कारों की अलख जगाने आगे आया आर्य समाज
केन्द्रीय आर्य युवक परिषद का संकल्प – 15,000 युवाओं को संस्कारों से जोड़ेगा ‘युवा संस्कार अभियान’
✍🏻 नई दिल्ली, 27 जुलाई 2025 –
वर्तमान समय में जब युवा वर्ग पाश्चात्य प्रभावों से विचलित हो रहा है, ऐसे में उन्हें भारतीय संस्कृति की ओर उन्मुख करने हेतु केन्द्रीय आर्य युवक परिषद ने श्रावणी पर्व के पावन अवसर पर “युवा संस्कार अभियान” चलाने की घोषणा की है। यह निर्णय रविवार को आर्य समाज, अशोक विहार फेज-1, एफ ब्लॉक में परिषद के 48वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल आर्य कार्यकर्ता बैठक में लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनिल आर्य ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि –
“युवाओं का नैतिक और आध्यात्मिक उत्थान ही राष्ट्र का सशक्त आधार है। इसलिए परिषद द्वारा 3 अगस्त से 17 अगस्त 2025 तक युवा संस्कार अभियान चलाया जाएगा, जिसमें 12 से 25 वर्ष की आयु के लगभग 15,000 युवाओं को यज्ञोपवीत धारण कराया जाएगा।“
इस पखवाड़े में देश भर में वैदिक यज्ञ, भजन, वैदिक विद्वानों के व्याख्यान व सामूहिक प्रवचन आयोजित होंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को वैदिक परंपरा, यज्ञ के वैज्ञानिक महत्व व भारतीय संस्कृति के मूल विचारों से परिचित कराना है।

कार्यक्रम का सफल संचालन परिषद के महामंत्री श्री महेन्द्र भाई ने किया। उन्होंने यज्ञ को आत्म-बलिदान, समर्पण एवं राष्ट्र के प्रति कर्त्तव्य की प्रेरणा बताते हुए कहा –
“यज्ञ स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देने का नाम है। जब युवा जीवन में यज्ञ भाव अपनाएंगे, तभी वे सच्चे राष्ट्रनिर्माता बन सकेंगे।”
🎶 इस अवसर पर श्री प्रवीण आर्य, प्रतिभा सपड़ा एवं कृष्णा पाहुजा ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया।
बैठक में यह भी घोषित किया गया कि परिषद का 48वाँ राष्ट्रीय आर्य युवा सम्मेलन दिनांक 14 सितम्बर 2025 को आर्य समाज, डिफेन्स कॉलोनी, नई दिल्ली में आयोजित होगा। इस गरिमामयी सम्मेलन में देश भर से सैकड़ों आर्य युवक-युवती प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक डॉ. अशोक कुमार चौहान होंगे।

🕊️ इस अवसर पर अनेक विद्वान, विचारक एवं समाजसेवी मंच पर उपस्थित रहे, जिनमें आचार्य अभय देव, आचार्य गवेंद्र शास्त्री, विक्रांत चौधरी, हरेंद्र शास्त्री, अरुण आर्य, सुनीता गुप्ता, कमल आर्य एवं हरभजन सिंह प्रमुख थे।
कार्यक्रम में डॉ. प्रमोद सक्सेना, सूर्यदेव आर्य, त्रिलोक शास्त्री, आचार्य सत्य शास्त्री, अवधेश, जुगल किशोर, दुर्गेश कपूर, मायाराम शास्त्री, देव प्रकाश आर्य तथा ओम सपड़ा जैसे प्रमुख आर्य नेता उपस्थित रहे और उन्होंने अपने विचार व्यक्त कर अभियान को समर्थन प्रदान किया।

📣 यह आयोजन निश्चित ही राष्ट्र निर्माण के भावी स्तम्भों – युवाओं – को वैदिक मूल्यों से जोड़ेगा। आर्य समाज द्वारा उठाया गया यह कदम न केवल एक संस्कार अभियान है, अपितु यह एक सांस्कृतिक जागरण की लहर है जो समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करेगी।
✍🏻 सभार – प्रवीण आर्य
(केन्द्रीय आर्य युवक परिषद)
🎶🎵मधुर भजन सुनने के लिए यहाँ क्लिक करे 👇🎵🎶










