साहस और बलिदान की अमरपरमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद: साहस और बलिदान की अमरसाहस और बलिदान की अमरपरमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद: साहस और बलिदान की अमर
भारत माता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर योद्धाओं की सूची में हवलदार अब्दुल हमीद का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। वे भारतीय सेना के वे अमर सपूत थे जिन्होंने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अपनी असाधारण वीरता से दुश्मनों के मनोबल को तोड़ दिया और अपने साहस से इतिहास रच दिया। पाकिस्तान के अत्याधुनिक पैटन टैंकों के सामने एक साधारण गन-माउंटेड जीप लेकर वीरता का परिचय देने वाले अब्दुल हमीद को उनकी असाधारण वीरता के लिए भारत के सर्वोच्च वीरता पुरस्कार परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।
प्रारंभिक जीवन और सेना में भर्ती
हवलदार अब्दुल हमीद का जन्म 1 जुलाई 1933 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के धामूपुर गांव में हुआ था। उनका परिवार साधारण आर्थिक स्थिति में था और उनके पिता मोहम्मद उस्मान दर्जी का काम करते थे। लेकिन अब्दुल हमीद को इस पेशे में रुचि नहीं थी। बचपन से ही वे कुश्ती, लाठी चलाने और तैराकी में निपुण थे। उनके अंदर अन्याय के प्रति असहिष्णुता थी, जिसके कारण वे हमेशा गरीबों और निर्बलों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे।
21 वर्ष की उम्र में वे रेलवे में नौकरी करने के लिए गए थे, लेकिन देशसेवा का जज़्बा उन्हें भारतीय सेना की ओर खींच ले गया। 1954 में वे ग्रेनेडियर्स इन्फैंट्री रेजिमेंट में भर्ती हो गए और यहीं से उनकी गौरवशाली यात्रा शुरू हुई। सेना में शामिल होने के बाद उन्होंने विभिन्न मोर्चों पर अपनी वीरता और सूझबूझ का परिचय दिया। जम्मू-कश्मीर में सेवा के दौरान उन्होंने पाकिस्तान समर्थित घुसपैठियों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और एक दुर्दांत डकैत इनायत अली को पकड़वाने में अहम भूमिका निभाई, जिससे उन्हें पदोन्नति देकर लांस नायक बना दिया गया।
1965 का युद्ध और असाधारण वीरता
1965 में पाकिस्तान ने भारत पर आक्रमण कर दिया। युद्ध के दौरान अब्दुल हमीद की बटालियन को पंजाब के तरण-तारण जिले के खेमकरण सेक्टर में तैनात किया गया। यह इलाका सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण था और पाकिस्तान ने इसे हथियाने के लिए अपने अमेरिकी पैटन टैंकों के साथ हमला किया।
8 सितंबर 1965 को पाकिस्तान ने भारी संख्या में अपने पैटन टैंकों के साथ हमला कर दिया। भारतीय सेना के पास न तो टैंक थे और न ही बड़े हथियार, लेकिन उनके पास साहस, रणनीति और मातृभूमि की रक्षा के लिए मर मिटने का जज़्बा था।
हवलदार अब्दुल हमीद के पास एक गन-माउंटेड जीप थी, जो इन पैटन टैंकों के मुकाबले बहुत छोटी और कमजोर थी। लेकिन उन्होंने अपनी सूझबूझ और रणकौशल का परिचय देते हुए गन्ने के खेतों में छिपकर दुश्मन के टैंकों पर हमला किया।
उन्होंने अपनी रिकॉयलेस गन से पाकिस्तान के पहले टैंक को निशाना बनाया और उसे ध्वस्त कर दिया। इसके बाद उन्होंने दूसरा, फिर तीसरा और देखते ही देखते सात पाकिस्तानी टैंकों को नष्ट कर दिया। उनकी इस वीरता से भारतीय सैनिकों का मनोबल बढ़ गया और पाकिस्तानी सेना में भगदड़ मच गई।
हालांकि, उनकी इस रणनीति को भांपकर पाकिस्तानी सेना ने उन्हें निशाना बनाया और उनकी जीप पर हमला कर दिया। 9 सितंबर को वे गंभीर रूप से घायल हुए और वीरगति को प्राप्त हो गए।
बलिदान का सम्मान: परमवीर चक्र
हवलदार अब्दुल हमीद के बलिदान ने भारतीय सेना को नई ऊर्जा दी और पाकिस्तान को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। उनके पराक्रम को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें 16 सितंबर 1965 को मरणोपरांत सेना के सर्वोच्च सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया।
उनकी पत्नी रसूलन बीबी को जब राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने परमवीर चक्र प्रदान किया, तो उन्होंने गर्व से कहा—
“मुझे बहुत दुख हुआ, लेकिन खुशी भी है कि हमारा आदमी इतना नाम करके इस दुनिया से गया। बहुत से लोग मरते हैं, लेकिन उनका नाम नहीं होता। हमारे आदमी ने शहीद होकर न सिर्फ अपना बल्कि हमारा नाम भी दुनिया में फैला दिया।”
अब्दुल हमीद की अमर गाथा
- भारतीय डाक विभाग ने 2000 में वीरता पुरस्कार विजेताओं के सम्मान में 3 रुपये का डाक टिकट जारी किया, जिसमें वीर अब्दुल हमीद को दिखाया गया।
- खेमकरण सेक्टर में उनकी समाधि पर हर साल श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाता है।
- उनके गांव धामूपुर में उनके नाम पर एक स्कूल, पुस्तकालय और डिस्पेंसरी बनाई गई है।
- सैन्य डाक सेवा ने 1979 में उनके सम्मान में एक विशेष आवरण जारी किया।
युद्ध के बाद अमेरिका को पुनर्विचार करना पड़ा
अमेरिका ने पाकिस्तान को अत्याधुनिक M48 पैटन टैंक दिए थे, जिन्हें “अजेय” माना जाता था। लेकिन जब अब्दुल हमीद ने अकेले सात पैटन टैंकों को ध्वस्त कर दिया, तो अमेरिका को अपने टैंकों के डिजाइन पर पुनर्विचार करना पड़ा। यह उनके असाधारण पराक्रम का सबसे बड़ा प्रमाण है।
वीर अब्दुल हमीद से सीखने योग्य बातें
- राष्ट्रप्रेम सर्वोपरि होता है।
- रणनीति और साहस बड़े से बड़े शत्रु को परास्त कर सकते हैं।
- संसाधनों की कमी बहादुरी की राह में बाधा नहीं बन सकती।
- सच्चे वीर अमर होते हैं, उनका बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता।
निष्कर्ष
हवलदार अब्दुल हमीद भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास का एक अमिट अध्याय हैं। उनका जीवन और बलिदान हमें यह सिखाता है कि वीरता साधनों की नहीं, बल्कि साहस, संकल्प और राष्ट्रप्रेम की होती है। उन्होंने दिखा दिया कि अकेला व्यक्ति भी इतिहास रच सकता है।
आज उनके बलिदान दिवस पर हम सभी उन्हें कोटिशः नमन और श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनका पराक्रम और बलिदान युगों-युगों तक हर भारतीय के हृदय में अमर रहेगा।
“शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले,
वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा!”
जय हिंद!
विस्तृत जीवन परिचय
1 जुलाई 1933 के दिन उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के धामूपुर गाँव के एक साधारण दर्जी परिवार में एक ऐसे बालक ने जन्म लिया, जिसने आगे चलकर अपने पराक्रम और अदम्य साहस के बल पर भारतीय सेना के इतिहास और परमवीरों की सूची में अपना नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित करा दिया। वो बालक आगे चलकर कहलाया–वीर अब्दुल हमीद जिन्होंने प्राण देकर भी भारतीय सेना की महान परंपरा को आँच नहीं आने दी|
आजीविका के लिए कपड़ों की सिलाई का काम करने वाले मोहम्मद उस्मान के पुत्र अब्दुल हमीद की रूचि अपने इस पारिवारिक कार्य में बिलकुल नहीं थी। कुश्ती के दाँव पेंचों में रूचि रखने वाले पिता का प्रभाव अब्दुल हमीद पर भी था। लाठी चलाना, कुश्ती का अभ्यास करना, पानी से उफनती नदी को पार करना, गुलेल से निशाना लगाना एक ग्रामीण बालक के रूप में इन सभी क्षेत्रों में हमीद पारंगत थे।
उनका एक बड़ा गुण था सबकी यथासंभव सहायता करने को तत्पर रहना। किसी अन्याय को सहन करना उनको नहीं भाता था। यही कारण है कि एक बार जब किसी ग़रीब किसान की फसल बलपूर्वक काटकर ले जाने के लिए जमींदार के 50 के लगभग गुंडे उस किसान के खेत पर पहुंचे तो हमीद ने उनको ललकारा और उनको बिना अपना मन्तव्य पूरा किये ही लौटना पड़ा। इसी प्रकार बाढ़ प्रभावित गाँव की नदी में डूबती दो युवतियों के प्राण बचाकर अपने अदम्य साहस का परिचय दिया।
21 वर्ष के अब्दुल हमीद जीवन यापन के लिए रेलवे में भर्ती होने के लिए गये थे परन्तु उनके संस्कार उन्हें प्रेरित कर रहे थे, सेना में भर्ती होकर देश सेवा के लिए। अतः उन्होंने एक सैनिक के रूप में 1954 में अपना कार्य प्रारम्भ किया। हमीद 27 दिसंबर 1954 को ग्रेनेडियर्स इन्फैन्ट्री रेजिमेंट में शामिल किये गये थे। जम्मू कश्मीर में तैनात के दौरान अब्दुल हमीद पाकिस्तान से आने वाले घुसपैठियों की अच्छी खबर लेते थे। ऐसे ही एक आतंकवादी डाकू इनायत अली को जब उन्होंने पकड़वाया तो प्रोत्साहन स्वरूप उनको प्रोन्नति देकर सेना में लांस नायक बना दिया गया।
1962 में जब चीन ने भारत की पीठ में छुरा भोंका तो अब्दुल हमीद उस समय नेफा में तैनात थे, पर उनको अपने अरमान पूरे करने का विशेष अवसर नहीं मिला। उनका अरमान था कोई विशेष पराक्रम दिखाते हुए शत्रु को मार गिराना। अधिक समय नहीं बीता और 1965 में पाकिस्तान ने भारत पर आक्रमण कर दिया। अब्दुल हमीद को सुअवसर प्राप्त हुआ अपनी जन्मभूमि के प्रति अपना कर्तव्य निभाने का। मोर्चे पर जाने से पूर्व, उनके अपने भाई को कहे शब्द ‘पल्टन में उनकी बहुत इज्जत होती है जिन के पास कोई चक्र होता है, देखना झुन्नन हम जंग में लड़कर कोई न कोई चक्र जरूर लेकर लौटेंगे”, उनकी भावनाओं को अभिव्यक्त करते हैं।
1965 का युद्ध शुरू होने के आसार बन रहे थे। कंपनी क्वार्टर मास्टर अब्दुल हमीद गाज़ीपुर ज़िले के अपने गाँव धामूपुर आए हुए थे कि अचानक उन्हें वापस ड्यूटी पर आने का आदेश मिला। उनकी पत्नी रसूलन बीबी ने उन्हें कुछ दिन और रोकने की कोशिश की, लेकिन हमीद मुस्कराते हुए बोले- देश के लिए उन्हें जाना ही होगा। अब्दुल हमीद के बेटे जुनैद आलम बताते हैं कि जब वो अपने बिस्तरबंद को बांधने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनकी रस्सी टूट गई और सारा सामान ज़मीन पर फैल गया। उसमें रसूलन बीबी का लाया हुआ मफ़लर भी था जो वो उनके लिए एक मेले से लाईं थीं। रसूलन ने कहा कि ये अपशगुन है, इसलिए वो कम से कम उस दिन यात्रा न करें, लेकिन हमीद ने उनकी एक नहीं सुनी।
‘द ब्रेव परमवीर स्टोरीज़’ की लेखिका रचना बिष्ट रावत कहती हैं, ”इतना ही नहीं जब वो स्टेशन जा रहे थे तो उनकी साइकिल की चेन टूट गई और उनके साथ जा रहे उनके दोस्त ने भी उन्हें नहीं जाने की सलाह दी, लेकिन हमीद ने उनकी भी बात नहीं सुनी। ”जब वो स्टेशन पहुंचे, उनकी ट्रेन भी छूट गई थी। उन्होंने अपने साथ गए सभी लोगों को वापस घर भेजा और देर रात जाने वाली ट्रेन से पंजाब के लिए रवाना हुए। ये उनकी और उनके परिवार वालों और दोस्तों के बीच आख़िरी मुलाक़ात थी।
8 सितम्बर 1965 की रात में पाकिस्तान द्वारा भारत पर हमला करने पर, उस हमले का जवाव देने के लिए भारतीय सेना के जवान उनका मुकाबला करने को खड़े हो गए। वीर अब्दुल हमीद पंजाब के तरन तारन जिले के खेमकरण सेक्टर में सेना की अग्रिम पंक्ति में तैनात थे। पाकिस्तान ने उस समय के अपराजेय माने जाने वाले अमेरिकन पैटन टैंकों के के साथ, खेम करन सेक्टर पर हमला कर दिया। भारतीय सैनिकों के पास न तो टैंक थे और नहीं बड़े हथियार लेकिन उनके पास था भारत माता की रक्षा के लिए लड़ते हुए मर जाने का जज्बा। भारतीय सैनिक अपनी साधारण थ्री नॉट थ्री रायफल और एल.एम्.जी. के साथ ही पैटन टैंकों का सामना करने लगे।
हवलदार वीर अब्दुल हमीद के पास गन माउनटेड जीप थी जो पैटन टैंकों के सामने मात्र एक खिलौने के सामान थी। सुबह 9 बजे, जगह चीमा गाँव का बाहरी इलाक़ा, जहाँ गन्ने के खेतों के बीच अब्दुल हमीद जीप में ड्राइवर की बग़ल वाली सीट पर बैठे हुए थे कि अचानक उन्हें दूर आते टैंकों की आवाज़ सुनाई दी। थोड़ी देर में उन्हें वो टैंक दिखाई भी देने लगे। उन्होंने टैकों के अपनी रिकॉयलेस गन की रेंज में आने का इंतज़ार किया, गन्ने की फ़सल का कवर लिया और जैसे ही टैंक उनकी आरसीएल की रेंज में आए, फ़ायर कर दिया। पैटन टैंक धू-धू कर जलने लगा और उसमें सवार पाकिस्तानी सैनिक उसे छोड़कर पीछे की ओर भागे।
वीर अब्दुल हमीद ने अपनी जीप में बैठ कर अपनी गन से पैटन टैंकों के कमजोर अंगों पर एकदम सटीक निशाना लगाकर एक -एक कर धवस्त करना प्रारम्भ कर दिया। उनको ऐसा करते देख अन्य सैनिकों का भी हौसला बढ़ गया और देखते ही देखते पाकिस्तान फ़ौज में भगदड़ मच गई। वीर अब्दुल हमीद ने अपनी गन माउनटेड जीप से सात पाकिस्तानी पैटन टैंकों को नष्ट कर दिया। उन्होंने अमेरिका द्वारा पाकिस्तान को दिए गए अजेय माने जाने वाले पैटन टैंकों के एक एक कर अपने गोलों से परखच्चे उड़ा दिए थे और सारी दुनिया को भारतीय सेना के जवानों के पराक्रम का लोहा मानने पर मजबूर कर दिया था| देखते ही देखते भारत का असल उताड़ गाँव पाकिस्तानी पैटन टैंकों की कब्रगाह बन गया।
पाक अधिकारी क्रोध और आश्चर्य में थे कि उनके मिशन में बाधक अब्दुल हमीद पर उनकी नज़र पड़ी और उनको घेर कर गोलों की वर्षा प्रारम्भ कर दी। जब वो एक और टैंक को अपना निशाना बना रहे थे, तभी एक पाकिस्तानी टैंक की जद में आ गए। दोनों ने एक-दूसरे पर एक साथ फ़ायर किया। वो टैंक भी नष्ट हुआ और अब्दुल हमीद की जीप के भी परखच्चे उड़ गए और वो बुरी तरह घायल हो गये। अगले दिन 9 सितम्बर को उनका स्वर्गवास हो गया लेकिन उनके स्वर्ग सिधारने की आधिकारिक घोषणा 10 सितम्बर को की गई थी।
अब्दुल हमीद के शौर्य और बलिदान ने सेना के शेष जवानों में जोश का संचार किया और दुश्मन को खदेड दिया गया। उन्होंने अपनी अद्भुत वीरता से पाकिस्तानी शत्रुओं के खतरनाक,कुत्सित इरादों को ध्वस्त करते हुए अपना नाम इतिहास में सदा सर्वदा के लिए अमर कर दिया और साथ ही एक सन्देश भी दिया कि केवल साधनों के बलबूते युद्ध नहीं जीता जाता वरन उसके लिए देशप्रेम, साहस और मर मिटने की भावना आवश्यक होती है|
इस युद्ध में साधारण गन माउनटेड जीप के हाथों अपराजेय समझे जाने वाले पैटन टैंकों की हुई बर्बादी को देखते हुए अमेरिका में पैटन टैंकों के डिजाइन को लेकर पुन: समीक्षा करनी पड़ी थी। लेकिन वो अमरीकी पैटन टैंकों के सामने केवल साधारण गन माउनटेड जीप जीप को ही देख कर समीक्षा कर रहे थे, उसको चलाने वाले वीर अब्दुल हमीद के हौसले को नहीं देख पा रहे थे।
इस लड़ाई को ‘असल उताड़’ की लड़ाई कहा जाता है क्योंकि पाकिस्तानियों को उनके नापाक इरादों और कुत्सित चालों का असल उत्तर दिया गया था। रचना बिष्ट रावत कहतीं हैं कि ये जवाब था पाकिस्तान को उनके टैंक आक्रमण का| उनके परमवीर चक्र के आधिकारिक साइटेशन में बताया गया था कि उन्होंने चार पाकिस्तानी टैंकों को नष्ट किया था। हरबख़्श सिंह भी अपनी किताब ‘वॉर डिस्पेचेज़’ में लिखते हैं कि हमीद ने चार टैंकों को अपना निशाना बनाया था, लेकिन मेजर जनरल इयान कारडोज़ो ने अपनी किताब में लिखा है कि हमीद को परमवीर चक्र देने की सिफ़ारिश भेजे जाने के बाद अगले दिन उन्होंने तीन और पाकिस्तानी टैंक नष्ट किए।
इस युद्ध में असाधारण बहादुरी के लिए उन्हें पहले महावीर चक्र और फिर सेना का सर्वोच्च सम्मान परमवीर चक्र से अलंकृत किया गया, जिसकी घोषणा 16 सितम्बर 1965 को, युद्ध के समाप्त होने के एक सप्ताह में कर दी गयी थी। इसके अतिरिक्त भी उनको समर सेवा पदक, सैन्य सेवा पदक और रक्षा पदक प्रदान किये गए थे। अब्दुल हमीद की मौत और भारत का सबसे बड़ा वीरता पुरस्कार पाने की ख़बर उनके परिवार को रेडियो से मिली। उनकी पत्नी रसूलन बीबी कभी वो दिन नहीं भूली, जब राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने अब्दुल हमीद का जीता हुआ परमवीर चक्र उनके हाथों में दिया था।
रसूलन के शब्दों में–”मुझे बहुत दुख हुआ लेकिन ख़ुशी भी हुई, हमारा आदमी इतना नाम करके इस दुनिया से गया। दुनिया में बहुत से लोग मरते हैं, लेकिन उनका नाम नहीं होता लेकिन हमारे आदमी ने शहीद होकर न सिर्फ़ अपना बल्कि हमारा नाम भी दुनिया में फैला दिया।”
28 जनवरी 2000 को भारतीय डाक विभाग द्वारा वीरता पुरस्कार विजेताओं के सम्मान में पांच डाक टिकटों के सेट में 3 रुपये का एक सचित्र डाक टिकट जारी किया गया। इस डाक टिकट पर रिकाईललेस राइफल से गोली चलाते हुए जीप पर सवार वीर अब्दुल हामिद का रेखा चित्र उदाहरण की तरह बना हुआ है। चौथी ग्रेनेडियर्स ने अब्दुल हमीद की स्मृति में उनकी क़ब्र पर एक समाधि का निर्माण किया है। हर साल उनकी शहादत के दिन यहां पर मेले का आयोजन किया जाता है। वहाँ के निवासी उनके नाम से गांव में एक डिस्पेंसरी, पुस्तकालय और स्कूल चलाते हैं। सैन्य डाक सेवा ने 10 सितंबर, 1979 को उनके सम्मान में एक विशेष आवरण जारी किया था।
छोटे थे, तब से ही जान गए थे वीर अब्दुल हमीद के बारे में और उन्हीं की तरह बनने के स्वप्न देखा करते थे क्योंकि पूरा एक पाठ ही समर्पित था उनको पर बसपा सरकार में वो पाठ हटा दिया गया पाठ्यक्रम से| सत्ता तंत्र इससे ज्यादा कर भी क्या सकता है| शहीदों का अपमान और भ्रष्ट नेताओं की मूर्तियाँ और उन पर पाठ| वरना क्या कारण था कि उनकी बेवा रसूलन बीबी को हमेशा संघर्ष करना पड़ा और सत्ता प्रतिष्ठानों ने उनसे किये एक भी वादे को पूरा नहीं किया| खैर, नाकारा नेताओं को क्या दोष देना| हम तो ऐसे वीरों को याद कर ही सकते हैं| आज वीर अब्दुल हमीद के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटिशः नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि|
~ लेखक : विशाल अग्रवाल ~ चित्र : माधुरी










