18 मार्च को भव्य शोभायात्रा के साथ नव वर्ष का होगा स्वागत :-
बलरामपुर। सनातन नववर्ष के पावन अवसर पर 18 मार्च को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर आर्यवीर दल की टीम ने नववर्ष उत्सव के प्रचार अभियान का शुभारंभ करते हुए आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह को कार्यक्रम का निमंत्रण एवं कैलेंडर भेंट किया। इसके पश्चात सदर विधायक मा. पलटू राम को भी औपचारिक निमंत्रण पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम संयोजक आर्य अशोक तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सनातन नववर्ष (1,96,08,53,127) एवं विक्रम संवत 2083 के स्वागत के उपलक्ष्य में ओम भवन, बलरामपुर में राजेंद्र नाथ लहड़ी बलिदान दिवस (17 दिसंबर 2025) से निरंतर यज्ञ चल रहा है।
उन्होंने बताया कि 10 मार्च से 17 मार्च 2026 तक विद्याश्री विद्यालय गुरुकुल, श्रावस्ती में आर्यवीर वीरांगनाओं का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें शस्त्र और शास्त्र दोनों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। 17 मार्च को सायं 4:00 बजे शिविर का दीक्षांत समारोह आयोजित होगा।
इसके उपरांत 18 मार्च को प्रातः 11:00 बजे बलिदानी पार्क से तुलसी पार्क तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आर्य वीर-वीरांगनाएं शौर्य प्रदर्शन करते हुए नगर भ्रमण करेंगे। शोभायात्रा के समापन पर सभी सहभागी सामूहिक सहभोज में प्रसाद ग्रहण करेंगे।
शोभायात्रा में जनपद के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं समाजसेवी भी सम्मिलित होंगे।



उल्लेखनीय है कि सप्ताह भर चलने वाले शिविर के भोजन, जलपान एवं आवास की संपूर्ण व्यवस्था गुरुकुल की प्रबंधक श्रीमती श्रीदेवी द्वारा की गई है। वहीं, शोभायात्रा के दिन भोजन एवं तीन होर्डिंग की व्यवस्था आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष द्वारा की गई है। सदर विधायक मा. पलटू राम ने एम.एल.के. डिग्री कॉलेज के समीप महर्षि दयानंद स्मृति द्वार तथा नववर्ष उत्सव के पाँच होर्डिंग लगवाने का आश्वासन दिया है। अन्य सभी व्यवस्थाएँ आर्यवीर दल की टीम द्वारा की जा रही हैं।
आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति आर्यवीर दल के नाम पर दान की मांग करता है तो उसे किसी भी प्रकार का धन न दिया जाए।
कार्यक्रम में डी.पी. सिंह, ग्राम प्रधान समदा रामकृपाल शुक्ला, सोनू मिश्र, मनोज आर्य, राम मणि आर्य, सहज राम आर्य सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
🎶🎵मधुर भजन सुनने के लिए यहाँ क्लिक करे 👇🎵🎶
























